कपिलवस्तु महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेते डीएम व सीडीओ।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। जनपद स्थापना के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कपिलवस्तु महोत्सव का आगाज सोमवार को होगा। भव्य समारोह के बीच प्रदेश के खेलकूद एवं युवा कल्याण मंत्री चेतन चौहान कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। रंगारंग कार्यक्रमों के बीच सात दिनों तक चलने वाला महोत्सव जिला जेल के सामने मैदान सज-धज कर तैयार हो चुका है। विशाल पंडाल में गीत-गजल, कव्वाली की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी तो अन्नदाता की तरक्की, गांवों की खुशहाली, साफ-सफाई की बेहतरी का संदेश भी गूंजेगा। मेला स्थल पर सजे झूले, मौत का कुंआ देखने के लिए रविवार से ही लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है।
29 दिसंबर 1988 को स्थापित सिद्धार्थनगर के स्थापना दिवस पर प्रति वर्ष तीन दिनों तक कपिलवस्तु महोत्सव का आयोजन होता रहा है। इस बार वृहद रूप देते हुए आयोजन को सात दिवसीय बनाया गया है। खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, संस्कृति, रोजगार, मनोरंजन सहित हर क्षेत्र को तरजीह देते हुए महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने की कोशिश की गई है। जिला जेल के सामने स्थित मैदान में बने पंडाल को इस तरह तैयार किया गया है, जिससे लोगों के उत्साह में कोहरा और ठंड खलल न डाल सके। इस दौरान कृषि, वन, उद्यान, पंचायती राज, बेसिक शिक्षा सहित अन्य विभागों की ओर से सरकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
डीएम कुणाल सिल्कू, एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह व सीडीओ अनिल कुमार मिश्र ने रविवार को कार्यक्रम स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। तैयारियों में लगे अधिकारियों के साथ बैठक कर शेष कार्यों को जल्द पूरा करने की हिदायत दी। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक व जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आशुतोष पांडेय, पीडी संत कुमार, डीडीओ सुदामा प्रसाद, डीडी कृषि डॉ. पीके कन्नौजिया, जिला आबकारी अधिकारी नवीन सिंह, डिप्टी कमिश्नर वाणिज्य कर ज्ञान प्रकाश सिंह और एसडीओ दूरसंचार दुर्गेश सिंह आदि मौजूद थे।