निजामी बंधु ने जब ‘मेरे रश्के कमर...’ पेश किया तो युवा श्रोता मस्ती से सराबोर हो गए।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। फिल्म रॉक स्टार फेम निजामी बंधुओं की कव्वाली ने कपिलवस्तु महोत्सव में बुधवार की रात को रंगीन बना दिया। ‘दमादम मस्त कलंदर...’ और ‘कुनफाया कुन...’ की धुन पर श्रोता समाज झूम उठा। वहीं, बंधुओं की ‘मेरे रश्के कमर तूने पहली नजर जो नजर से मिलाई, मजा आ गया...’ प्रस्तुति से युवा श्रोता मस्ती से सराबोर हो गए। आधी रात तक कव्वाली की मोहक धुनों से उपस्थिति सराबोर होती रही।
जिला जेल के सामने बने भव्य पंडाल में निजामी बंधुओं ने रात सवा नौ बजे से निजामी बंधुओं की कव्वाली का दौर शुरू हुआ। ‘बना के तुझको मौला सौदा कर लिया हमने...’ और ‘अल्लाहू-अल्लाहू...’ की प्रस्तुति पर श्रोता झूमते रहे। अमीर खुसरो के सूफी गीत ‘छाप तिलक सब छीनी मोहसे नैना मिला के...’ पर समां बांध दी। बजरंगी भाईजान फिल्म की कव्वाली ‘भर दो झोली मेरी या मुहम्मद...’ और जोधा-अकबर के गीत ‘ख्वाजा मेरे ख्वाजा दिल में समाजा...’ की प्रस्तुति पर श्रोता भी ताल से ताल मिलाते नजर आए।
निजामी बंधुओं की टीम ने जब ‘मेरे रश्के कमर...’ की शुरुआत की तो मानो युवाओं की हसरत ही पूरी हो गई हो। ‘सांसों की माला पर संवरु पी का नाम...’, ‘कुनफाया कुन...’ और ‘दमादम मस्त कलंदर...’ से माहौल को पूरी तरह सूफियाना रंग में डूबो दिया। इससे पहले जिला जज राजेंद्र प्रसाद व डीएम कुणाल सिल्कू ने कव्वाली नाइट की शुरुआत की। इस मौके पर सांसद जगदंबिका पाल, सदर विधायक श्यामधनी राही, एसडीएम डॉ. महेंद्र कुमार, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आशुतोष पांडेय, आबकारी अधिकारी नवीन कुमार सिंह, पीडी संतराम, डीडीओ सुदामा प्रसाद आदि मौजूद रहे।