मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के मिठौवा चौराहे पर हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
मिश्रौलिया। थाना क्षेत्र के मिठौवा चौराहे पर उचक्कों ने बाइक की डिग्गी तोड़कर दस लाख से अधिक मूल्य का जेवर लेकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार ग्राम सोनबरसा निवासी प्रदीप कुमार सोनी की कुसुम्ही चौराहे पर ज्वैलरी की दुकार है।
बुधवार की शाम वह दुकान बंद करके अपने घर जा रहे थे और दुकान से कीमती ज्वैलरी को निकाल कर अपनी बाइक की डिग्गी में रख लिया था। घर पहुंचने से पहले वह कुसुम्ही चौराहे पर रुक कर सब्जी खरीदने लगे। इसी बीच उचक्के ने डिग्गी में रखी ज्वैलरी पर हाथ साफ कर चलते बने। पीड़ित ने बताया कि वह बाइक के पास पहुंचे तो उसकी डिग्गी टूटी थी और सारी ज्वैलरी गायब थी। डिग्गी में 130 ग्राम सोने का जेवर और साढ़े चार किलो चांदी के जेवरात थे, जिसकी कीमत लखभग 12 लाख रूपए थी। बृहस्पतिवार को काफी तलाश के बाद खाली बैग, मिठौवा चौराहे पर एक खेत में मिला।
इस संबंध में एसओ सत्येंद्र कुंवर ने बताया कि मिली तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र में घटना में शामिल उचक्कों को गिरफ्तार कर, ज्वैलरी की बरामदगी की जाएगी।