नायब तहसीलदार के बोलेरो में जेसीबी के टक्कर मारने और बिना नंबर की जेसीबी को मौके पर छोड़कर चालक को फरार होने की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई। राजस्व कर्मियों की मदद से बिना नंबर के जेसीबी को तहसील परिसर डुमरिमागंज लाया गया। नायब तहसीलदार ने कहा कि वह थाने में अपने ऊपर हुए हमले की तहरीर देंगे। वहीं, वीडियो वायरल करके जेसीबी मालिक बताने वाले बब्बू खान निवासी धौरहरी ने आरोप लगाया कि नायब तहसीलदार उससे 10 हजार रुपये की मांग रहे थे, जबकि उसके पास खनन के वैध प्रपत्र भी मौजूद थे।
नायब तहसीलदार डुमरियागंज महबूब आलम ने बताया कि वह तहसीलदार डॉ. संतराज सिंह बघेल के निर्देश पर राजस्व वसूली के लिए भवानीगंज थाना क्षेत्र में राजस्व संग्रह अमीन बुधिराम व संतराम के साथ गए थे। दोपहर में वे बनगवा नानकार गांव के पास पहुंचे तो मिट्टी लदी कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां आती दिखाई दी। दो चार गाड़ियों को नजरअंदाज किया, लेकिन अधिक संख्या में गाड़ियों को निकलते देख वे राजस्व कर्मियों के साथ खनन वाले स्थान पर पहुंचे। लगभग चार हेक्टेयर भूभाग पर जेसीबी के जरिए खनन चल रहा था। मौके पर दो ट्रालियों में मिट्टी की लोडिंग हो रही थी। नायब तहसीलदार ने खनन की जानकारी एसडीएम व तहसीलदार को फोन के माध्यम से दी तो एसडीएम ने उन्हें जेसीबी तहसील में लाने के लिए निर्देशित किया।
उन्होंने जेसीबी चालक से वाहन डुमरियागंज तहसील में लेकर चलने को कहा तो वह वाहन लेकर बलरामपुर की ओर भागने लगा, जिस पर नायब तहसीलदार ने एसओ भवानीगंज को घेराबंदी के लिए सूचना दी। इसी दौरान जेसीबी चालक नायब तहसीलदार की बोलेरो में एक तरफ ठोकर मारकर भागने लगा। पुलिस की घेराबंदी देख चालक जेसीबी को भड़रिया चौराहे के पास छोड़कर फरार हो गया। राजस्व कर्मियो की मदद से वाहन को तहसील परिसर पहुंचाया।
एसडीएम डुमरियागंज प्रवेंद्र ने कहा कि नायब तहसीलदार को तहरीर देने के लिए निर्देशित किया गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष भवानीगंज दिनेश कुमार सरोज ने कहा कि घटना की जानकारी है। अभी तक नायब तहसीलदार की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।