शोहरतगढ़ थाने में सीज किया गया जेसीबी।
- फोटो : अमर उजाला
शोहरतगढ़। थाना क्षेत्र के ड़ोहरिया गांव में बुधवार की देर रात विशेष पुलिस टीम ने मिट्टी खनन कर रही जेसीबी को पकड़ लिया। थाने लाकर उसे सीज कर दिया है। ग्राम प्रधान पर कार्रवाई के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजी है।
विकास खंड शोहरतगढ़ के ग्राम पंचायत ड़ोहरिया खुर्द गांव में बुधवार की रात करीब एक बजे जेसीबी मशीन से मिट्टी खनन का कार्य कराया जा रहा था। सूचना पर विशेष पुलिस टीम के एसआई वीरेंद्र सिंह, कांस्टेबल रमाकांत यादव, कृष्णानंद तिवारी, प्रमोद सिंह, फैज खान ने मौके पर पहुंच कर जेसीबी मशीन को पकड़ लिया और थाने ले आए।
इस संबंध में एसओ रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि मनरेगा के तहत ड़ोहरिया गांव से विशेष पुलिस टीम ने मिट्टी खनन में पकड़े गए जेसीबी को सीज कर दिया गया है। प्रधान महेंद्र प्रताप चौधरी पर कार्रवाई के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजी गई है। उधर, प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष पवन मिश्र ने मामले में प्रधान की संलिप्तता के आरोप को खारिज कर दिया है। कहा कि फर्जी ढंग से मनरेगा कार्य में खुदाई दिखाकर प्रधान को फंसाया जा रहा है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच की भी मांग की है।