जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया नामांकन पत्र
कलक्ट्रेट परिसर में नामांकन के तीसरे दिन रही गहमागहमी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कलक्ट्रेट परिसर में नामांकन के तीसरे दिन बुधवार को खूब गहमागहमी रही। भाजपा प्रत्याशी सांसद जगदंबिका पाल ने पर्चा दाखिला किया। उनके साथ विधायक जयप्रताप सिंह, विधायक विनय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान व स्नेहलता पाल भी मौजूद रहीं। इस दौरान कलक्ट्रेट गेट, परिसर और भवन के अंदर सुरक्षा व्यवस्था के लिए काफी संख्या में पुलिसबल तैनात रहे।
भाजपा प्रत्याशी और सांसद जगदंबिका पाल नामांकन के लिए समर्थकों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। जहां गेट पर समर्थकों को रोक दिया गया और कलक्ट्रेट परिसर में कुछ लोग ही उनके साथ अंदर प्रवेश कर सके। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी पवन अग्रवाल के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। हालांकि भाजपा प्रत्याशी जगदंबिका पाल नामांकन से पहले कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे और वहां से जनसभा स्थल पर गए। भाजपा प्रत्याशी के अलावा अन्य किसी प्रत्याशी ने तीसरे दिन नामांकन पत्र नहीं दाखिल किया।
-
हेलीकॉप्टर की आवाज सुन दौड़ पड़े सांसद
कलक्ट्रेट परिसर में नामांकन के बाद लौट रहे भाजपा प्रत्याशी सांसद जगदंबिका पाल हेलीकॉप्टर की आवाज सुनकर गेट की तरफ दौड़ पड़े। मामला यह था कि नामांकन के बाद ही उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की जनसभा होनी थी। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को हेलीकॉप्टर से आना था, इसलिए कलक्ट्रेट से निकलते समय जब उन्हें आसमान में उड़ रहे हेलीकॉप्टर की आवाज सुनाई दी तो वह गेट की तरफ दौड़ पड़े। उनके साथ विधायक विनय वर्मा भी कलक्ट्रेट परिसर में दौड़ लगाते नजर आए। जो गेट पर पहुंच गाड़ी में बैठकर हेलीपैड की तरफ रवाना हुए।
बसपा प्रत्याशी समेत तीन लोगों ने खरीदे पांच नामांकन पत्र
बुधवार को भी बसपा प्रत्याशी ख्वाजा शमसुद्दीन ने दो सेट, आम जनता पार्टी से विनय कुमार पांडेय ने दो सेट तथा बहुजन मुक्ति पार्टी से किरन देवी ने एक सेट पर्चे की खरीद की। इस दौरान कलक्ट्रेट में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद थी।