रोज तीन घंटे जाम से जूझ रहे शहरवासी
फोटो-
- रेलवे स्टेशन रोड पर हो रही ज्यादा परेशानी
- जाम से रोडवेज बसों का निकलना भी मुश्किल
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। शहर के कई प्रमुख स्थानों पर जाम के झाम से राहगीर परेशान हैं। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में लगे ट्रैफिक पुलिस के जवान व होमगार्ड की लापरवाही से जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पा रहा है। रेलवे क्रॉसिंग के साथ सर्वाधिक दिक्कत रेलवे स्टेशन के बाहर मुख्य सड़क पर हो रही है। लिखित व मौखिक सूचना के बाद भी जिम्मेदार मौन साधे हुए हैं। जाम के कारण रोडवेज बसों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर स्थित नौगढ़ स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों के चलते हर दो घंटे पर शहर के बीचोबीच रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की विकट समस्या से राहगीरों को रूबरू होना पड़ता है। ओवरब्रिज की लंबे समय से मांग के बाद भी जनप्रतिनिधि अथवा शासन में बैठे जिम्मेदार मौन साधे हुए हैं। क्रॉसिंग के अलावा मौजूदा समय में रेलवे स्टेशन के बाहर मुख्य सड़क पर मालगोदाम के गेट से बुद्ध विद्यापीठ महाविद्यालय तक 24 घंटे में सुबह, दोपहर व सायं जबरदस्त जाम लग जाता है। जाम का प्रमुख कारण टैंपों चालकों की मनमानी है। मुंबई, दिल्ली व कलकत्ता से आने वाली ट्रेनों के पहुंचने से पहले ही स्टेशन के भीतर व बाहर अनधिकृत रूप से मुख्य मार्ग पर स्टेशन के दीवार से सटाकर टैंपों खड़ा कर देते हैं। सड़क सकरी होने के कारण रोडवेज, रेलवे स्टेशन, बुद्ध विद्यपीठ महाविद्यालय, सिंहेश्वरी देवी मंदिर, गोबरहवा बाजार व सोहांस की ओर जाने वाले राहगीरों को परेशानी हो रही है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए शहर के जागरूक नागरिकों ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई, पर कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है।
बगैर स्टैंड के टैंपों चालकों का जमावड़ा
रेलवे स्टेशन के बाहर टैंपों का जमावड़ा अनाधिकृत रूप से लगा रहता है। जबकि इनका अधिकृत स्टैंड बांसी तिराहा पर बना हुआ है। इसके बाद भी चालकों की मनमानी से जहां यात्रियों को बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है, वहीं राहगीरों को भी आवागमन में कठिनाइयां उत्पन्न होती है। इनकी मनमानी रोकने के लिए पुलिस प्रशासन असहाय हो गया है।
रोडवेज बसों का आवागमन भी मुश्किल
रेलवे स्टेशन के बाहर टैंपों चालकों की मनमानी से रोडवेज विभाग भी अछूता नहीं है। जाम के झाम से बाहर से आने वाले बसों को परिसर में जाने और परिसर से गतंव्य को जाने वाली बसों को निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। इस बारे में कई बार चालकों व रोडवेज कर्मियों में नोंक-झोंक भी हो जाती है।
रेलवे स्टेशन पर जाम की समस्या संज्ञान में नहीं थी। इस दिशा में आवश्यक कदम उठाते हुए अनाधिकृत रूप से जाम लगाने वाले टैंपों चालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी के साथ मिलकर सघन अभियान चलाकर इनकी मनमानी पर अंकुश लगाया जाएगा।
उमेश चन्द्र निगम, उपजिलाधिकारी