बढ़नी चाफा नगर पंचायत में चार घंटे तक डीएम ने किया निरीक्षण, जेई से मांगा स्पष्टीकरण
महर्षि वाल्मीकि नगर व नाथनगर में खुदवाई इंटरलॉकिंग सड़क, जांचा मानक
हिसाब न दे पाने पर प्रधानाध्यापक को सस्पेंड करने के लिए बीएसए को दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। जिलाधिकारी डॉ. राजगणपति आर ने मंगलवार को बढ़नीचाफा नगर पंचायत का मंगलवार को निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य में अनियमितता मिलने पर 10 प्रतिशत धनराशि की कटौती के साथ जेई को स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।
डीएम ने महर्षि वाल्मीकि नगर और नाथनगर में इंटरलॉकिंग सड़क की खुदाई करवा कर गुणवत्ता की जांच की। इस दौरान कमी मिलने पर जिम्मेदारों को फटकार लगाई। वहीं शेखडीह में प्राथमिक विद्यालय में तैनात अध्यापक से विकास मद में आए धन खर्च की जानकारी मांगी। सही जानकारी न मिलने पर संबंधित प्रधानाध्यापक फैय्याज को सस्पेंड करने के लिए बीएसए को दूरभाष के जरिये निर्देश दिया। करीब चार घंटे तक चली डीएम की जांच से हड़कंप मचा रहा।
जिलाधिकारी सुबह 10 बजे बढ़नीचाफा नगर पंचायत का निरीक्षण करने पहुंचे। सबसे पहले महर्षि वाल्मीकि नगर के दलित बस्ती का जायजा लिया। साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर न मिलने पर नाराजगी जताई। ईओ को फटकार लगाते हुए नगर को साफ सुथरा बनाए रखने का निर्देश दिया। वार्ड में बनाए गए एक इंटरलॉकिंग सड़क की गुणवत्ता परखने के लिए उसकी खुदाई करवाई। खामियों पर जेई सहित अन्य जिम्मेदारों को चेताया। नाथनगर में भी सड़क निर्माण में कमी मिलने पर नाराजगी व्यक्त की, जिस पर भुगतान में 10 प्रतिशत कटौती के निर्देश दिए।
डीएम ने जिम्मेदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि पंद्रह दिनों में व्यवस्था में सुधार हो जाना चाहिए, नहीं तो कठोर कार्रवाई निश्चित है। निर्माण कार्य में लापरवाही मिलने पर डीएम ने जेई प्रवेश सिंह से स्पष्टीकरण मांगा है। इस दौरान चेयरमैन धर्मराज वर्मा, ईओ आशुतोष सिंह आदि मौजूद रहे।
-
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी किया निरीक्षण
डुमरियागंज। निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष धर्मराज वर्मा ने जिलाधिकारी से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण करने की बात कही। डीएम ने अस्पताल पहुंचकर वहां मौजूद चिकित्सक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद डीएम ने अस्पताल पर स्टाफ नर्स और एएनएम की जल्द तैनाती करवाए जाने का आश्वासन दिया।