सिद्धार्थनगर। कम उम्र में ही पेट निकलने व अन्य कारणों से अनफिट हो रहे युवा खुद को फिट रखने के लिए तैराकी का सहारा ले रहे हैं। जिले में अन्य खेलों की तरह युवाओं में तैराकी का शौक भी बढ़ने लगा है। इनमें कुछ युवा भविष्य संवारने तो कुछ शौकिया तौर पर तैराकी सीखने आ रहे हैं जिनमें युवतियां भी शामिल हैं। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम का स्विमिंग पूल इन खिलाड़ियों के भविष्य को संवारने के लिए खुल गया है। यही नहीं, आम व्यक्ति भी यहां पंजीकरण कराने के बाद तैराकी कर सकता है। यहां तैराकी का प्रशिक्षण चल रहा है। अब तक 45 लोगों ने पंजीकरण कराया है जिनमें आठ महिलाएं भी शामिल हैं। जिला क्रीड़ा अधिकारी आशुतोष अग्निहोत्री ने बताया की बहुत जल्द ही तैराकी प्रतियोगिता शुरू होने वाली है, प्रस्ताव भेज दिया गया है, एक सप्ताह में प्रतियोगिता की तिथि आ जाएगी।
तैराकी के फायदे
-यह वजन कम करने में सहायक होती है।
- इससे मांसपेशियां मजबूत होती हैं।
- मेटबॉलिज्म और मानसिक स्वास्थ्य में सुधार होता है।
- तनाव कम होता है, दिल को मजबूती मिलती है।
- ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने और कोलेस्ट्राॅल घटाने में भी यह कारगर है।