नवमी पर गृह विभाग ने चाक-चौबंद सुरक्षा के दिए निर्देश
जिले के प्रमुख दुर्गा मंदिर और मेला वाले स्थान पर रहेगा सुरक्षा घेरा
सुरक्षा बल के साथ ही सीसी कैमरे से भी रखी जाएगी गतिविधियों पर नजर
एसडीएम और क्षेत्राधिकार बनाए गए नोडल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। नवरात्र की नवमी (रामनवमी) पर मंदिरों में भारी भीड़ रहती है। हवन-पूजन के साथ ही मेला का भी आयोजन होता है। नवमी के दिन में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। मंदिरों पर लगे सीसी कैमरे से निगरानी की जाएगी। साथ ही संबंधित थाने की पुलिस फोर्स पूरे मंदिर को घेरे में रखेगी। वहीं, कोई अराजक तत्व सांप्रदायिक तनाव उत्पन्न न कर सके। इसके लिए संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रहेगी। गड़बड़ी करने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गृह विभाग के आदेश के क्रम में डीएम ने सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने के संबंध में दिशा-निर्देश दिया है।
लोकसभा चुनाव का माहौल है, नवरात्र का पर्व चल रहा है। 17 अप्रैल को नवमी है। चुनाव को देखते हुए कोई सांप्रदायिक तनाव उत्पन्न न कर सके। इसे देखते हुए गृह विभाग ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसमें कहा गया है कि नवरात्र में हिन्दू धर्म से जुड़े लोग दुर्गा मंदिरों में पूजा अर्चना करते हैं। इस अवधि के दौरान देश विरोधी तत्व, असामाजिक एवं आपराधिक तत्व सांप्रदायिक सौहार्द और लोकशांति बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में देवी मंदिरों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किया जाए। सुरक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी ने मंदिरों विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं। नवमी के दिन हर मंदिर पर सुरक्षा का कड़ी इंतजाम रहेगा। इस संबंध में एसपी प्राची सिंह ने बताया ने बताया कि मंदिरों पर सुरक्षा का प्रबंध रहेगा। सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में दुर्गा मंदिर पर नजर रखेगें। सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देंगे। अगर कोई माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते हुए मिलेगा तो कार्रवाई की जाएगी।
मंदिर के सीसी कैमरे से रखी जाएगी नजर
लगभग सभी प्रमुख देवी मंदिरों पर सुरक्षा के दृष्टि से सीसी कैमरा लगाया गया है। नवमी के दिन भारी भीड़ रहेगी। इसलिए सीसी कैमरे से निगरानी करने के साथ ही मंदिरों के इर्द-गिर्द सुरक्षा का कड़ा इंतजाम रहेगा। सुरक्षा कर्मी पूरा के दौरान भ्रमण करते रहेंगे। मंदिर पर अगर कोई माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है तो सीसी कैमरे से पहचान करके कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही योगमाया मंदिर, गालापुर वाटवासिनी देवी मंदिर, पल्टा देवी मंदिर सहित सभी प्रमुख मंदिरों के आसपास डायल-112 टीम रहेगी।
सभी थाने अलर्ट रहेंगे
नवमी के दिन जिले के सभी थानाध्यक्ष अलर्ट रहेंगे। वह क्षेत्र का भ्रमण करके सुरक्षा का जायजा लेते रहेंगे। पूजा का समय संपन्न होने तक भ्रमणशील रहेंगे। पूरी मॉनिटरिंग पांच तहसील के एसडीएम और सर्किल के सीओ करेंगे। वह पल-पल की गतिविधियों का जायजा लेते रहेंगे।