उसका बाजार। थाना क्षेत्र के कुआहाटा निवासी प्रमोद ठुकराई (45) की शनिवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। इनकी असामयिक मृत्यु से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
कुआहाटा निवासी प्रमोद ठकुराई शनिवार को घर से बाइक से नौगढ़ की तरफ जा रहे थे। अभी वह चुरिहारी के पास ही पहुंचे थे कि विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राॅली के चपेट में आ गए। इससे इनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे यह गंभीर रूप से घायल हो गए। पैर के साथ गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। इन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इनकी मौत हो गई। यह बीमा अभिकर्ता के रूप में कार्य करते थे। इनके निधन से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
इस संबंध में एसओ हरेकृष्ण उपाध्याय ने बताया कि जिला अस्पताल से ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अपने स्तर से घटना की जानकारी जुटाने में लगी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। संवाद