मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने की हिदायत
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर धेंसा का डीएम ने निरीक्षण किया
अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही और गंदगी मिलने पर जताई नाराजगी
संवाद न्यूूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के निरीक्षण में कई खामियां मिलने पर डीएम दीपक मीणा ने नाराजगी व्यक्त की। कमियां दूर करने हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने की हिदायत दी।
डीएम दीपक मीणा ने सदर विकास खंड अंतर्गत आरोग्य केंद्र हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर धेंसा नानकार का औचक निरीक्षण किया। सर्वप्रथम उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। जहां सभी उपस्थित मिले। अभिलेखों के रखरखाव बेतरतीब होने, जगह-जगह गंदगी मिलने पर फटकार लगाई। आने वाले मरीजों की थर्मल स्क्रीनिंग नहीं होने की शिकायत पर भी नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने सेंटर पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी को ई-संजीवनी ओपीडी कराने का निर्देश दिया गया। इसके साथ सेंटर पर तैनात एएनएम के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने एएनएम को टैली शीट पर आरसीएच नंबर एवं फोन नंबर दर्ज करने का निर्देश दिया। गर्भवती महिलाओं के खाता संख्या की फीडिंग करें, ताकि डिलेवरी के बाद समय से भुगतान हो सके। उन्होंने कहा कि उपलब्ध साधन और संसाधन में मरीजों को बेहतर सुविधाएं दिलाने के लिए सतत प्रयास हो, इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी आरती कुमार, एएनएम सुनीता पाल, संगिनी आशा मिश्रा और एजाज उपस्थित थे।