सिद्धार्थनगर। विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन करने वाले तीन उम्मीदवारों का पर्चा शुक्रवार को जांच के दौरान खारिज हो गया। दो शोहरतगढ़ और एक कपिलवस्तु विधानसभा से उम्मीदवार थे। उनके शपथ पत्र व अन्य दस्तावेजों में त्रुटियां थीं। नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद मैदान में जिले की पांच सीटों से 49 प्रत्याशी शेष बचे हैं। अब सबकी निगाहें 13 फरवरी को होने वाले नाम वापसी पर टिकी हैं। गुुरुवार को नामांकन की अंतिम तिथि तक कुल 52 उम्मीदवारों ने फार्म जमा किया था। शुक्रवार को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच का कार्य शुरू हुआ।
इस दौरान शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र से सर्वोदय पार्टी के उम्मीदवार राकेश प्रताप सिंह और बहुजन मुक्ति पार्टी के केशवराम का पर्चा खारिज हो गया। रिटर्निंग अफसर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दोनों के शपथ पत्र में कई त्रुटियां थीं। जिसे तय समय तक दूर न कराने पर पर्चा खारिज किया गया। वहीं, कपिलवस्तु सीट से निर्दल उम्मीदवार हरिप्रसाद के नामांकन पत्र के साथ जमानत राशि जमा करने का प्रपत्र संलग्न नहीं था। लिहाजा रिटर्निंग अफसर विनीत कुमार उपाध्याय ने उनका पर्चा भी खारिज कर दिया। डुमरियागंज, इटवा और बांसी से सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए। जिले की पांच सीटों पर अब कुल 49 उम्मीदवार शेष बचे हैं। इनमें कपिलवस्तु और इटवा से 6-6, डुमरियागंज से 8, बांसी से 14 और शोहरतगढ़ से 15 उम्मीदवार हैं।