इंटर पास आशाओं को एएनएम बनाने, न्यूनतम मानदेय 18 हजार रुपये करने सहित अन्य मांगों को लेकर आशाओं ने बुधवार को बर्डपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ताला जड़ दिया। मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.सुबोध चंद्रा को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। सुबह से ही तालाबंदी के चलते पीएचसी में स्वास्थ्य सेवाएं ठप रहीं।
छह सूत्रीय मांगों के समर्थन में लामबंद आशाएं सुबह आठ बजे ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में धमक पड़ी। मुख्य गेट पर ताला लगाकर धरने पर बैठ गई। तालाबंदी के चलते कोई कर्मचारी-चिकित्सक अस्पताल में प्रवेश भी नहीं कर सका। मरीज भी काफी देर तक गेट पर इंतजार करते रहे, फिर निराश लौट गए। धरने में आशाओं ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर वह लगातार संघर्ष कर रही हैं, मगर शासन-प्रशासन बेपरवाह बना हुआ है। गांव स्तर तक सरकार की स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने वाली आशाओं की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तालाबंदी व धरने में मंतोषी शर्मा, उर्मिला देवी, शशिप्रभा गिरी, सुशीला जायसवाल, आशा देवी, हसीना खातून, सीमा देवी, ऊषा, पूनम भारती, कलावती, शकुंतला, उर्मिला, नीलम, मीरा, गुडिय़ा, कुसुम, मीरा देवी आदि मौजूद रहीं।