संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के पिपरा कानूनगो गांव निवासी एक महिला ने बृहस्पतिवार को जमीन विवाद में गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट और उसके जेठ की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर मिलने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पिपरा कानूनगो गांव निवासी पीड़िता फूलमती पत्नी शिवपूजन ने थाने में तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:00 बजे उनकी जमीन पर गांव के कुछ लोग मकान निर्माण कर रहे थे। जब विरोध किया तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं।
फूलमती का कहना है कि वह किसी तरह भागकर थाने पहुंचीं, जहां प्रारंभिक रूप से समझौता हुआ, लेकिन जब वह घर लौटीं, तो देखा कि उनके जेठ कल्लू (65) पुत्र गंगाराम की विपक्षियों ने मारपीट कर हत्या कर दी। पीड़िता ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में त्रिलोकपुर थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।