सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की मिलेगी प्रमाणिक जानकारी
लोक भवन में सूचना निदेशक ने किया शुभारंभ
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश सूचना व जनसंपर्क विभाग ने डिजिटल संचार को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल ‘सूचना प्रवाह’ का शुभारंभ किया है। लखनऊ के लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में सूचना निदेशक विशाल सिंह और अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने चैनल का उद्घाटन किया।
जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि ‘सूचना प्रवाह’ के माध्यम से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण निर्णयों, उपलब्धियों और जनहितकारी कार्यक्रमों से जुड़ी प्रमाणिक और तथ्यपरक जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरणादायी वीडियो और सरकारी अभियानों का भी नियमित प्रसारण किया जाएगा।
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि डिजिटल मीडिया आज जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में ‘सूचना प्रवाह’ सरकार और जनता के बीच संवाद का सशक्त सेतु साबित होगा। अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि चैनल के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा और शासन की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में निर्माता फिल्म अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय समेत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।