इटवा। पूर्व मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी ने रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पीएम के रेडियो कार्यक्रम मन की बात को सुना। इसके बाद मौजूद कार्यकर्ताओं को प्रदेश व देश में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। कहा कि इसे जन जन तक पहुंचाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम समाज के उन गुमनाम योद्धाओं को पहचान दिलाता है जो राष्ट्र निर्माण के यज्ञ में अपनी आहुति दे रहे हैं। कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा संगठन की रीढ़ हमारा बूथ है। जब बूथ सशक्त होगा, तभी पार्टी अजेय बनेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के संकल्प को पूरा करें। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को क्षेत्र के विकास और संगठन विस्तार के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर स्थानीय विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों की रणनीति पर भी चर्चा हुई। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष कुंवरजी मिश्र, भाजयुमो जिलाध्यक्ष गौरव मिश्र, वीरेंद्र गौतम, गिरधारी चतुर्वेदी, प्रेम शंकर पांडेय, प्रह्लाद पांडेय आदि मौजूद रहे।