‘निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता को अवगत कराएं’
मंडलायुक्त ने की कोविड-19 एवं विकास कार्यों की समीक्षा
गोशालाओं पर हरा चारा, भूसा और पानी की व्यवस्था करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कोविड-19 एवं विकास कार्यों की समीक्षा में मंडलायुक्त ने योजनाओं और कार्यक्रमों में प्रगति लाने का निर्देश दिया। ऑनलाइन शिकायतों को प्राथमिकता के साथ निस्तारित करने और संबंधित को फोन पर अवगत कराने की हिदायत दी।
विकास भवन के आंबेडकर सभागार में मंगलवार को समीक्षा बैठक में बस्ती मंडल के आयुक्त अनिल कुमार सागर ने लक्ष्य के सापेक्ष धान खरीद का लक्ष्य पूर्ण करने के साथ ही किसानों के बकाये का भुगतान जल्द करने का निर्देश दिया। गोशाला निर्माण और संचालन में व्यय धनराशि का उपभोग प्रमाण-पत्र के बारे में जानकारी प्राप्त की। सभी उपजिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि उपभोग प्रमाण-पत्र उपलब्ध करा दिया गया है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि गोशालाओं का निरीक्षण कर उन्हें क्रियाशील कराने और वहां हरा चारा, पानी, भूसा आदि की समुचित व्यवस्था की हिदायत दी। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास शहरी, प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण के कार्य में प्रगति लाने का निर्देश दिया। राशन की रिक्त चल रही दुकानों को संचालित कराने तथा दुकानों के निलंबन की कार्रवाई से पहले स्वयं जांच के लिए डीएसओ को निर्देश दिया। मंडलायुक्त ने कहा कि ऑनलाइन दर्ज प्रकरणों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने और शिकायतकर्ता को फोन से अवगत कराया जाए। पेंशन योजनाओं का चिन्हीकरण एवं सत्यापन कराये जाने का भी निर्देश दिया। आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत मिलने वाले लाभ दिलाने तथा गोल्डन कार्ड बनाने के लिए सीएमओ को हिदायत दी। बैठक में सीडीओ पुलकित गर्ग, एडीएम सीताराम गुप्ता समेत डीएफओ आकाशदीप बधावन, सीएमओ डॉ. इंद्र विजय विश्वकर्मा, पीडी संत कुमार, डीडीओ शेषमणि सिंह, उपकृषि निदेशक लाल बहादुर यादव, सीवीओ डॉ. ज्ञानप्रकाश, समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता, दिव्यांग जन सशक्तिकरण अधिकारी एजाजुल हक, जिला पंचायतराज अधिकारी आदर्श उपस्थित थे।