सीएचसी शोहरतगढ़ के बगल एक में स्थित एक मेडिकल पर एक्सपायर दवा को लेकर बवाल के बाद मेडिकल स्टो
शोहरतगढ़ सीएचसी के पास स्थिति मेडिकल स्टोर का बताया जा रहा है मामला
शोहरतगढ़। सीएचसी शोहरतगढ़ के बगल एक मेडिकल स्टोर संचालक की ओर से एक्सपायर सिरप देने का मामला प्रकाश में आया है। इसे पिलाने के बाद सात माह की मासूम बच्ची की हालत बिगड़ गई। पिता ने मेडिकल पहुंचकर एक्सपायर सिरप और बच्ची की हालत के बारे में जानकारी दी तो मेडिकल स्टोर संचालक ने धमकी देकर मामले को दबाने की कोशिश की। इस पर विवाद होने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत करवाया। पीड़ित थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत के गड़ाकुल निवासी इंद्रजीत यादव थाने पर तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार को शाम को सीएचसी शोहरतगढ़ के बगल आरजू मेडिकल स्टोर पर अपनी सात माह की बच्ची के मुख में पड़े छाले की दवा लेकर गया और उसे पिला दी। आधे घंटे बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और उल्टी होने लगी। इससे परिजन घबरा गए और तत्काल बच्ची को लेकर सीएचसी पहुंचे। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ। चिकित्सक ने जो दवा दी थी, उसकी जांच की तो पता चला कि वह जनवरी 2026 में ही एक्सपायर हो चुकी थी। शुक्रवार की सुबह बच्ची के पिता एक्सपायर सिरप लेकर मेडिकल स्टोर पहुंचे और स्टोर संचालन से कहा कि जो दवा कल शाम को दी थी, वह एक्सपायर है। इसको पिलाने से उसकी बच्ची की तबीयत बिगड़ गई थी। इतना सुनते ही मेडिकल स्टोर संचालक विवाद करने लगा। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और इकट्ठा लोगों ने मामला शांत करवाया।
इस संबंध में थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने कहा कि गड़ाकुल निवासी इंद्रजीत यादव ने एक मेडिकल स्टोर पर एक्सपायर दवा बेचने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. एके आजाद ने बताया कि मामला संज्ञान में है। टीम गठित कर मेडिकल स्टोर की जांच की जाएगी।