फोटो सबसे अधिक निवेश के उद्यमी ने जिलाधिकारी से की मुलाकात, तीन अन्य उद्यमियों ने भी कार्य शुरू करने में लाई तेजी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले में उद्योग की नींव पड़ने की संभावना बढ़ गई है। तीन बड़े उद्यमियों ने निवेश के लिए प्रयास तेज किया है। इसी बीच सबसे अधिक 9000 करोड़ रुपये निवेश का अनुबंध करने वाले तमिलनाडु के उद्यमी भी शनिवार को जिले में पहली बार आए। उन्होंने जिलाधिकारी पवन अग्रवाल से मुलाकात करके अपने प्रोजेक्ट के बारे में चर्चा की।
जिले में हुए इन्वेस्टर्स समिट में 233 उद्यमियों ने 9852 करोड़ रुपये का अनुबंध किया है। जानकारों के अनुसार इतना निवेश हो जाए तो जिले में औद्योगिक क्रांति आ जाएगी। इसमें 10 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। तमिलनाडु के उद्यमी गुर्मि धर्मन विजयेन ने शनिवार को जिलाधिकारी से मुलाकात की तो सबसे बड़े प्रोजेक्ट के शुरू होने की संभावना बढ़ गई।
गुर्मि धर्मन विजयेन बताया कि नदी क्षेत्र में मिलने वाले थोरियम से बिजली बनाने के लिए उन्होंने प्रोजेक्ट बनाया है, लेकिन अनुमति के कारणों से अब सोलर पॉवर प्लांट में निवेश करेंगे। जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने उनसे प्रोजेक्ट मांगा है।-
आईटी पार्क और रिन्यूअल एनर्जी
अनिवासी भारतीय उद्यमी काजी मुख्तार अहमद ने 125 करोड़ रुपये निवेश करके आईटी पार्क बनाने का अनुबंध किया है। उन्होंने बताया कि दो माह में प्रोजेक्ट का कार्य शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जल्द ही नियुक्तियां शुरू की जाएंगी।
प्रिंस गक्खर ने तीन करोड़ रुपये से रिन्यूअल एनर्जी का प्रोजेक्ट शुरू करने का अनुबंध किया है। उन्होंने जमीन की तलाश तेज कर दी है। वह सक्रिय हैं और प्रशासन भी जमीन उपलब्ध कराने में सहयोग करने में जुटा है। महराजगंज के उद्यमी सुधाकर जायसवाल ने 50 करोड़ रुपये से जिले में सीमेंट फैक्टरी लगाने का प्रयास तेज कर दिया है।
वर्जन
जिले में उद्योग लगाने के लिए चार उद्यमियों ने प्रयास तेज कर दिए हैं। जल्द ही बड़े उद्योग की नींव जिले में पड़ जाएगी। सबसे बड़े उद्यमी भी जिले में आ गए हैं। उद्यमियों से बात की जा रही है।
-दयाशंकर सरोज, उपायुक्त उद्योग