-गड़बड़झाला करके विदेशियों का तैयार किया जा रहा फर्जी आधार कार्ड
-थाईलैंड की महिला का मिला फर्जी आधार कार्ड, इससे पहले हांगकांग के नागरिक के पास मिला था लखनऊ के व्यक्ति का नाम का आधार कार्ड
-भारतीयों की मदद से तैयार हो जा रहा फर्जी दस्तावेज, इस बार किसकी मदद से महिला का बना फर्जी आधार कार्ड कनेक्शन तलाशेगी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। भारत की सरजमीं में विदेशी नागरिकों की ओर से लगातार अवैध रूप से घुसपैठ की नाकाम कोशिश जारी है। इसमें भारतीय ही उनके मददगार बन रहे हैं। तभी विदेशी नागरिक सीमा पार कर रहे हैं। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है कि हांगकांग की युवती के अवैध रूप से भारत में लाने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया आरोपी भारतीय है।
उसने न सिर्फ घुसपैठ कराने में मदद की, बल्कि फर्जी आधार कार्ड बनवाने में भी उसकी संलिप्तता का संदेह है। क्योंकि पकड़ी गई युवती के पास से फर्जी आधार कार्ड बरामद हुआ है। इसके पहले ककरहवा बाॅर्डर से पकड़े गए विदेशी नागरिक कामरान के पास भी आधार कार्ड मिला था, जिसे दिल्ली के रहने वाले ड्रग माफिया ने बनाया था। उसी के सहारे लखनऊ के व्यक्ति के नाम से बना था, जिसका प्रयोग करके भारत में कई माह तक अवैध रूप से होटल आदि में टिकता था।
थाईलैंड की महिला के पकड़े जाने के बाद भारतीय मददगारों पर सवालों उठने लगा है। हालांकि इस मामले में पुलिस ने विदेशी अधिनियम के तहत केस दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आधार कैसे और किसने बनवाया, इसके बारे में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि आधार के फर्जीवाड़ा से इन्कार नहीं कर सकते हैं। क्योंकि सीमावर्ती इलाके में फर्जी जन्म प्रमाणपत्र और आधार कार्ड बनाए जाने का मामला सामने आ चुका है और धरपकड़ भी हो चुकी है।
-
विदेशी अधिनियम में दर्ज हुआ केस
सिद्धार्थनगर। एसएसबी 43वीं वाहिनी सीमा चौकी खुनुवां पुलिस की ओर से पकड़ी गई थाईलैंड की महिला, नेपाल और भारतीय सहयोगी पर पुलिस ने विदेशी अधिनियम, फर्जीवाड़ा सहित अन्य धारा में केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ शोहरतगढ़ सुजीत कुमार राय ने बताया कि पांच अप्रैल को खुनुवां बाॅर्डर से एसएसबी और खुनुवां पुलिस की टीम ने चेकिंग के दौरान नेपाल पोखरा से दिल्ली के लिए आ रही बस को 49 यात्रियों को उनकी सूची के अनुसार चेक किया तो लिस्ट में दो संदिग्ध जिनमें एक महिला जिसका नाम शिवानी पी. भोसले इंडिया व दूसरा सिपाई अल्ताफ पुरुष इंडिया अंकित था।
महिला शक्ल से देखने में विदेशी लग रही थी, जिससे पूछताछ की गई तो ज्ञात हुआ कि महिला शिवानी पी. भोसले नाम से फर्जी कूटरचित आधार कार्ड बनवाकर अपने दोस्त सिपाई अल्ताफ व ड्राइवर होम बहादुर थापा की मदद से बिना वीजा के भारत में प्रवेश कर रही थी। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम यौवलक बताया, जो थाईलैंड की निवासी है। उसके पास पासपोर्ट थाईलैंड के नंबर का मिला, जिसको देखने पर फोटो का मिलान किया गया, जिससे स्पष्ट हो गया कि उक्त युवती थाईलैंड के महासरखम की रहने वाली है। इसके पास इंडिया में प्रवेश का कोई वीजा नहीं है, तथा बस के ड्राइवर की ओर से भी फर्जी हस्ताक्षर कर प्रमाणपत्र एसएसबी खुनुवां बाॅर्डर पर देने के लिए उपलब्ध कराया।
पूछताछ में युवती सहयोगी सिपाई अल्ताफ निवासी सोनी फाॅर्म, इकबालगढ़, बनासकाठा प्रदेश गुजरात राष्ट्र भारत व ड्राइवर होम बहादुर थापा निवासी मनपेग जिला तनऊ प्रदेश गंडकी राष्ट्र नेपाल की ओर से मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर बिना वीजा के अनैतिक तरीके से प्रवेश कर रहे थे। इनके पास से दो पासपोर्ट, चार मोबाइल, एक आईपैड, सात सिम तथा यूएस, मलेशिया, थाई, नेपाली, भारतीय बैंक के एटीएम व कार्ड बरामद हुआ। तीनों पर विदेशी अधिनियम सहित अन्य धारा में केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
-
15 माह गुजरात में रह चुकी है युवती, यहीं हुई थी युवक से दोस्ती
थाईलैंड की 27 वर्षीय युवती योवलक पुत्री नगामफट जून 2023 में वैध तरीके से वीजा पर गुजरात के अहमदाबाद आई थी। उसी दौरान वहां के युवक से मित्रता हो गई। युवती अहमदाबाद में लगभग 15 महीना रही। सितंबर 2024 में थाईलैंड लौट गई। उसके बाद युवती अपने मित्र से मोबाइल से बातचीत करती थी। उसके बाद युवती ने अपने मित्र से मिलने पुनः भारत आने के लिए वीजा एप्लाई किया। इधर युवती के मित्र ने अपने एक साथी सिपाही अल्ताफ निवासी सोनी फऍर्म, इकबालगढ़, बनासकाठा गुजरात को काठमांडू भेज दिया। सिपाही अल्ताफ थाईलैंड युवती का फर्जी आधार शिवानी घोषले निवासी महाराष्ट्र के नाम से एक नेपाल निवासी होम बहादुर थापा की मदद से पोखरा से दिल्ली जाने वाली नेपाली सृष्टि ट्रेवल्स बस पर शुक्रवार की शाम बैठ गई। शनिवार सुबह खुनुवा बाॅर्डर से भारतीय सीमा में बस नेे प्रवेश किया, तभी एसएसबी व पुलिस ने युवती के साथ सिपाई अल्ताफ साजिर मो. निवासी सोनी फाॅर्म, इकबालगढ़, बनासकाठा प्रदेश गुजरात व होम बहादुर थापा निवासी मनपेग जिला तनऊ प्रदेश गण्डकी राष्ट्र नेपाल को पकड़ लिया।
-
सीमावर्ती क्षेत्र में फैला है अवैध प्रमाणपत्र बनाने का सिंडिकेट
सीमावर्ती इलाके में फर्जी आधार कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र बनाने वाला गिरोह बाॅर्डर के क्षेत्रों अपनी पैठ बनाए हुए है। पुलिस इस गिरह के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। अब तक सिद्धार्थनगर की पुलिस जुलाई में दो आरोपियों को पकड़ा है। बलरामपुर की पुलिस ने दो दिन में इस खेल के नेटवर्क में शामिल 11 लोगों को पकड़ा है। पुलिस इनके जरिए नेटवर्क में शामिल अन्य सहित गिरोह के सरगना को पकड़ने में जुट गई है। ऑनलाइन का काम करने वाले रईस के मुताबिक बढ़नी, कोटिया, खनुवा, पकडीहवा, बजहा नेपाल बॉर्डर पर स्थित है, और ढेबरुआ, तुलसियापुर, सिसवा, शोहरतगढ़ चिल्हिया, पल्टादेवी से कुछ दूरी पर नेपाल सीमा पड़ता है। इन क्षेत्रों फर्जी आधार कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र जारी करने का एक रैकेट काम कर रहा है। दिल्ली व रायबरेली सहित शहरों से फर्जी वेबसाइट का लिंक जारी करते हैं। इससे जुड़े लोग बाॅर्डर क्षेत्रों में ऑनलाइन सर्विस की दुकान चलाने वाले संचालकों को अधिक पैसा कमाने की लालच देकर लिंक को मोटी रकम पर बेचते हैं, दुकान संचालक एक दूसरे के नेटवर्क से जुड़ता चला जाता है, फिर वह फर्जी तरीके से आधार कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र बनाकर मोटी कमाई करते हैं। उनको लगता है, कि पैसा कमाना है, चाहे वह नेपाली हो या अन्य देश घुसपैठ हो। जितनी जटिल केश उतनी दुगनी कीमत संचालक वसूल करते हैं, इसी वजह से नेपाल के तराई क्षेत्रों में बसे नेपालियों के पास भारत देश के आधार कार्ड उनके पास है, 10 प्रतिशत पहाड़ पर रहने वाले नेपाली भारत का आधार कार्ड बनवा रखा है। पूर्व में कोटिया बाॅर्डर पर फर्जी जन्म प्रमाणपत्र, आधार आदि प्रमाणपत्र बनाने वाले पकड़ गए थे। जो मिले लिंक के आधार पर बनाने का कार्य करते थे।
-
एक नजर सीमा पर पकड़े गए विदेशी नागरिकों पर
-वर्ष 2022 में 17 जुलाई को चार बांग्लादेशी नागरिकों को एसएसबी जवानों ने पकड़ा था। अवैध रूप से घुसैपठ में जेल गए थे।
-22 जुलाई 2023 को ककरहवा बाॅर्डर से एक चीनी महिला भटककर भारत में आ गई थी। पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उसे नेपाल पुलिस को सौंप दिया था।
-25 जुलाई को रूस के एक नागरिक ने प्रवेश किया। पूछताछ के बाद उसे नेपाल पुलिस को सौंप दिया गया था।
-17 अगस्त 2023 को एक बांग्लादेशी अवैध रूप से घुसपैठ करने पर पकड़ा गया था। पूछताछ करने के बाद जेल भेज दिया गया था।
-14 मार्च 2024 को मोहाना पुलिस ने प्रवेश करते हुए 16 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा। जांच में पाया गया कि सभी एक परिवार के हैं और पर्यटन पर नेपाल में आए थे। बाद में उन्हें नेपाल पुलिस को सौंप दिया गया। इसके अलावा कुछ माह पहले ही हांगकांग के कामरान को पकड़ा गया था। उसके पास से भारतीय आधार कार्ड मिला था। जो लखनऊ के रविकुमार के नाम से बना था। पुलिस की जांच में उसे पते पर उस नाम कोई व्यक्ति ही नहीं मिला था।
सीमा पर सुरक्षा एजेंसी और थानों की पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है। हर संदिग्ध व्यक्ति की चेकिंग की जाती है। सीमा पर पूरी तरह से सतर्कता बरती जा रही है। संदिग्धों को पकड़ने के साथ ही कार्रवाई की जा रही है। चुनाव को देखते हुए बाॅर्डर पर और सतर्कता बरती जा रही है।
-डॉ. अभिषेक महाजन, पुलिस अधीक्षक