सिराहा में ड्रग्स तस्करी की सूचना पर कार्रवाई, पैर में गोली लगने से घायल हुआ बिहार का युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
कपिलवस्तु। नेपाल के सिराहा जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के संदेह में एक भारतीय युवक को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की गोली लगने से घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जिला पुलिस कार्यालय सिराहा के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान भारत के बिहार राज्य के मधुबनी निवासी अब्दुल कलाम (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि विशेष सूचना के आधार पर नवराजपुर ग्रामीण नगरपालिका-4 में भारत-नेपाल सीमा के पास छापा मारा गया गया, जहां कथित रूप से मादक पदार्थों का सौदा किया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान संदिग्धों ने भागने और विरोध करने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने फायरिंग की। इस दौरान अब्दुल कलाम के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल युवक को उपचार के लिए सिराहा प्रांतीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 122.8 मिलीग्राम ब्राउन शुगर बरामद करने का दावा किया है। पुलिस प्रवक्ता डीएसपी रमेश बहादुर पाल ने बताया कि चार लोग दो मोटरसाइकिलों पर मौके पर पहुंचे थे। पुलिस कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्ध मौके से भाग निकले, जबकि दो भारतीय नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। प्रारंभिक आशंका है कि फरार आरोपी भारत की ओर भाग गए।
डीएसपी रमेश बहादुर पाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ दिन पहले भी सिराहा पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो भारतीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया था।