देवरिया। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नव-निर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण और प्रस्तावित परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इसी क्रम में जनपद देवरिया में 41 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण और तीन परियोजना कार्यालयों सहित 89 आंगनबाड़ी केंद्रों का शिलान्यास संपन्न हुआ। निदेशालय, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत जनपद में पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत 573 आंगनबाड़ी सहायिकाओं एवं तीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सोमवार को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने बाल विकास परियोजना, सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने सदर व शहर, विधायक जय प्रकाश निषाद ने रुद्रपुर, विधायक दीपक मिश्र ‘शाका’ ने बरहज व भागलपुर तथा विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने रामपुर कारखाना व तरकुलवा बाल विकास परियोजना विभाग में नियुक्ति पत्र बांटे। इसके अलावा ब्लॉक प्रमुख गौरी बाजार और भलुअनी में भी नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए।