सिद्धार्थनगर। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड कार्यालय पर बृहस्पतिवार को बोर्ड की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बैंक से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान बैंक के चेयरमैन कुंवर विक्रम सिंह की अगुवाई में संचालक मंडल ने भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य एवं अन्य पदाधिकारियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य सहित अन्य पदाधिकारियों को प्रभु श्रीराम दरबार का स्मृति चिह्न भेंट कर बुके प्रदान की गई। चेयरमैन कुंवर विक्रम सिंह ने कहा कि नई जिला टीम संगठन को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और सभी के सहयोग से संगठन को नई दिशा मिलेगी।
बैठक के दौरान संचालक मंडल से जुड़े वरिष्ठ भाजपा नेता बबलू श्रीवास्तव को नगर पालिका सिद्धार्थनगर तथा निवर्तमान मंडल अध्यक्ष नितेश पांडेय को नगर पंचायत कपिलवस्तु में शासन की ओर से सभासद मनोनीत किए जाने पर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। वक्ताओं ने दोनों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। जिला महामंत्री फतेह बहादुर सिंह, जिला उपाध्यक्ष विजयकांत चतुर्वेदी व आशीष शुक्ला, जिला मंत्री अविनाश सिंह तथा जिला कार्यालय सह प्रभारी महेंद्र लोधी ने भी अपने विचार रखे और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में संचालक मंडल के हरि सिंह, राजकुमारी पांडेय, अशोक सिंह, एडीओ अंबरीश यादव, बैंक सचिव वीरेंद्र यादव एवं अरविंद सिंह सहित अन्य कर्मचारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।