लोटन। ग्राम महदेईया में ग्राम समाज की जमीन पर करीब 25 वर्ष पूर्व बने पंचायत भवन पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया था। इस संबंध में महदेईया निवासी राघवेंद्र सिंह ने जिलाधिकारी डाॅ. राजा गणपति आर को एक सप्ताह पहले एक शिकायती पत्र दिया। पत्र को संज्ञान में लेकर जिला प्रशासन ने 15 दिन में पंचायत भवन को खाली करने का नोटिस लगाने का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर बीडीओ ने तीन सदस्यीय टीम बना जांच कराई, जिसमें पाया गया कि जिस पंचायत भवन पर कब्जा किया गया है वह ग्राम समाज की जमीन पर बना है। वह सरकारी संपत्ति है। जांच रिपोर्ट से जिलाधिकारी को अवगत कराया, जिससे पंचायत भवन को संचालित किया जा सके। पंचायत भवन न खाली करने के दशा में खाली कराए जाने के दौरान हुए नुकसान की संपूर्ण जिम्मेदारी कब्जाधारियों की होगी। शिकायतकर्ता राघवेंद्र सिंह सहित ग्रामीण मनोज वरुण, परशुराम गुप्ता, ब्रह्मा चौरसिया, दिलीप प्रजापति, रामू चौरसिया, सुदर्शन ने बताया कि पंचायत भवन पर कब्जे को कई साल बीत गए अब तक खाली नहीं कराया जा सका। अब कब्जा खाली होने की आस जगी है।