डुमरियागंज। बुद्ध भूमि से रामनगरी अयोध्या के लिए परिवहन बस सेवा सेवा शुरू कराने के लिए डुमरियागंज क्षेत्र के कई लोगों ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मांग की थी। परिवहन मंत्री की तरफ से मांग को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही आरएम और एआरएम से रूट का सर्वे कर बस सेवा शुरु करने का निर्देश दिया गया है।
ऐसे में डुमरियागंज-चंद्रदीप घाट, मसकिनवां होते हुए अयोध्या के लिए बस सेवा शुरू होने के बाद डुमरियागंज ही नही गोंडा, बलरामपुर जिले के सीमावर्ती गांवों में बसे सैकड़ों लोगो को श्रीराम मंदिर दर्शन और मुंबई-दिल्ली की हवाई यात्रा करने में आसानी हो जाएगी। अभी लोगों को डुमरियागंज से बस्ती और फिर वहां से फैजाबाद होते हुए अयोध्या आना-जाना पड़ता है।
इसमें समय और दूरी दोनों अधिक तय करनी पड़ती है। सीधी बस सेवा हो जाने के बाद लोगों को चंद्रदीप घाट वाया मसकिनवां होते हुए अयोध्या जाने में करीब 29 किलो मीटर की दूरी कम तय करनी पडेगीं। इससे किराया और समय दोनों की बचत होगी।
इन्होंने की थी बस संचालन की मांग
डुमरियागंज में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को भवानीगंज क्षेत्र के अनिल सोनी, संतोष सैनी, राकेश, राजेश आदि ने पत्र देकर डुमरियागंज से चंद्रदीप घाट, मसकिनवां होते हुए अयोध्या के लिए बस संचालित करने की मांग की थी। इस पर उन्होंने जल्द से जल्द बस का शुभारंभ कराने का आश्वासन दिया था।