कड़े विरोध को दरकिनार कर जिले में दाखिल हुए एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मुस्लिम समाज को संगठित होने का संदेश दिया है। सपा सरकार पर हमलावर ओवैसी ने प्रदेश में मुस्लिम वर्ग की उपेक्षा का आरोप लगाया।
कहा कि वह यूपी में इंकलाब पैदा करने आए हैं। फिरकापरस्त ताकतों को खत्म करना ही उनका मकसद है।
बलरामपुर के उतरौला से डुमरियागंज के भड़रिया के रास्ते जिले में प्रवेश करते हुए ओवैसी ने जनसभाओं, बैठकों से दूरी बनाए रखी। कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकारते, हाथ मिलाते बढ़ते रहे। डुमरियागंज के एक होटल में करीब तीन मिनट तक रुके ओवैसी ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश में फिरकापरस्त ताकतें सत्ता में हैं। इन्हें हटाना होगा। इसके लिए एआईएमआईएम को बूथ स्तर पर मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार हर मोर्चे पर नाकाम साबित हुई है।
मुसलमानों से जो भी वादा किया गया था, पूरा नहीं हुआ। जेल में बंद मासूमों की रिहाई कराने में सरकार नाकाम रही। वह यूपी में इंकलाब पैदा करने आए हैं। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को मजबूती से काम करना होगा।
इटवा के अमौना में स्थित अल फारूख इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करते हुए मुस्लिम समाज को हक के लिए संगठित होने का आह्वान किया। ढेबरुआ, तुलसियापुर, शोहरतगढ़, चिल्हिया होते हुए नौगढ़ पहुंचे। यहां सनई चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
इसके बाद जोगिया, उसका होते हुए संतकबीरनगर के लिए रवाना हो गए। इन स्थानों पर बिना गाड़ी से उतरे ही ओवैसी कार्यकर्ताओं से मिलते रहे। इस दौरान उनके साथ पूर्वांचल प्रभारी अली अहमद, जिलाध्यक्ष समीर चौधरी, सादिक आदि शामिल रहे।