बढनी। गोरखपुर-गोंडा से होकर लोगों को दिल्ली से जोडने वाली हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन का शुक्रवार की देर शाम बढनी रेलवे स्टेशन पर पहली बार पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़े के साथ झुमते हुए लोगों ने ट्रेन की अगवानी की। स्टाफ का फूलों से अभिनंदन किया। इस रूट पर यह ट्रेन जिले में केवल बढनी में रुकेगी। सांसद जगदंबिका पाल व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष साधना चौधरी ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर ट्रेन को आगे रवाना किया।
शुक्रवार को ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने पर सांसद जगदंबिका पाल के बढनी प्रतिनिधि राजू शाही और भाजपा नेताओं त्रिजुगी अग्रहरि, राजू पाल, राजकुमार अग्रहरि, भानू सिंह आदि के नेतृत्व में ढोल नगाड़ा के क्षेत्रीय जनता व विभिन्न राजनीतिक दलों ने दलीय सीमाओं को तोड़ते हुए स्वागत किया।
लोगों ने सांसद पाल को फूल मालाओं से लाद दिया और उनके प्रयास की सराहना की। स्टेशन पहुंचे कांग्रेस, सपा व बसपा के स्थानीय नेताओं ने इस कार्य के लिए पाल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि रेलवे की दिशा मोड़ जिले की तरफ मोड़ कर सांसद ने विकास को नया आयाम दिया है। बढनी जैसी छोटी जगह पर हमसफर जैसी ट्रेन का स्टापेज होने से यहां के लोगों को काफी सहूलियत होगी। सांसद जगदंबिका पाल ने इसे ऐतिहासिक दिन करार दिया। कहा कि हमसफर जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रेन का पहला सफर बढ़नी से गुजरना सबके लिए गौरवान्वित करने वाला है।
बढ़नी का नाम पूरे देश में चर्चित हो गया है। देश में ऐसी कोई जगह नहीं, जहां छह रेल मंत्री आए हों। यह गौरव सिर्फ बढ़नी के नाम है। हर धर्म-जाति की राजनीति नहीं करते, केवल विकास की बात करते हैं। 18 से लोकमान्य तिलक टर्मिनल-गोरखपुर साप्ताहिक ट्रेन रोजाना शुरू हो जाएगी।
कहा कि हमसफर बुलेट ट्रेन का छोटा भाई है। यह कम समय में गोरखपुर से दिल्ली पहुंचा रही है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस ट्रेन में हवाई जहाज जैसी सुविधाएं हैं। अब गोरखपुर से ज्यादा लखनऊ नजदीक हो गया है। उन्होंने कहा कि जनता का सहयोग मिलता रहा तो बढ़नी से काठमांडू तक जल्द ट्रेन दौड़ेगी। बढ़नी को देश के सभी बड़े महानगरों से जोड़ने का लक्ष्य है। रेलवे के क्षेत्रीय प्रबंधक राजीव सेठ ने कहा कि सांसद जगदंबिका पाल ने कई प्रस्ताव दिए हैं, इनमें आधे को भी मंजूरी मिली तो यह रूट रेलवे के नक्शे में चमकेगा।
सभा में राधेरमण त्रिपाठी, लालजी त्रिपाठी, हियुवा के जिला प्रभारी श्यामधनी राही, सिद्धार्थ चौधरी, राजकुमार गुप्ता, डॉ.रुद्र प्रताप शाह, भानु सिंह आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर श्यामसुंदर मित्तल, राजू पाल, नेपाल के पवन अग्रवाल, चिरंजीव अग्रवाल, जितेंद्र गोयल, नंदकिशोर शर्मा, अशोक अग्रहरि, डब्लू गोयल आदि मौजूद रहे। संचालन जुग्गी राम राही ने किया। आयोजक राजकुमार सिंह उर्फ शाही ने आभार जताया।