बंद मिला अस्पताल, सीएमओ ने सभी का रोका वेतन
सिद्धार्थनगर। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने मंगलवार को दो स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें बिजौरा का अस्पताल बंद मिला। सीएमओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए तैनात चिकित्सक समेत सभी कर्मियों का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया है। अस्पताल बंद मिलने पर कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है।
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी मंगलवार को सुबह 8.35 बजे भनवापुर ब्लॉक के बिजौरा स्थित नया स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। इस दौरान अस्पताल बंद मिला। मौके पर चिकित्सक से दूरभाष से बात की और कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने डॉक्टर समेत सभी कर्मियों का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने की कार्रवाई की।
अस्पताल बंद होने पर जवाब देने के लिए नोटिस भी जारी किया है। इसके अलावा नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिस्कोहर का निरीक्षण किया। इस दौरान एएनएम और वार्ड ब्वाय की उपस्थिति मिली। उन्होंने सफाई व्यवस्था समेत अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। सीएमओ ने कहा कि अस्पतालों का समय से खोलने, मरीजों को सुविधाएं देने में कोताही किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।