सिद्धार्थनगर। जय किसान इंटर कॉलेज सकतपुर सनई की छात्राओं को जनपद व मंडल स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर बुधवार को सम्मानित किया गया। लोकनृत्य, लोकगीत व एकल नृत्य में जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने व मंडल स्तर पर आयोजित लोकनृत्य एवं लोकगीत प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर उनका सम्मान किया गया।
प्रधानाचार्य जयराम यादव ने कहा कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं की ओर से शिक्षा के साथ खेल व सांस्कृतिक कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन किया जा रहा है। उप प्रधानाचार्य व नियंत्रक श्यामानंद श्रीवास्तव ने सभी छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय की ओर से सभी छात्रों के लिए खेल किट प्रदान करने व मंडल व प्रदेश स्तर पर कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए सभी खर्च वहन किया जाएगा। इस अवसर पर शिक्षक अंजनी श्रीवास्तव, अरविंद कुमार, विजय प्रताप पांडेय, रमेश सिंह, प्रेमचंद, डॉ. वशिष्ठ प्रसाद, विपिन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।