सिद्धार्थनगर। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का अनुपालन करने की मांग को लेकर जिले के होमगार्ड सोमवार को कार्य बहिष्कार पर रहे और प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर सात अगस्त तक कार्य बहिष्कार पर रहेंगे। होमगार्डों ने आठ अगस्त तक मांगों का अनुपालन न होने पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
जिलाध्यक्ष होमगार्ड अवधेश शुक्ला ने कहा कि जवानों के विनियमतीकरण व उन्हें स्थायी करने के लिए एक अप्रैल 2015 के निर्णय व राज्यपाल के आदेश का अनुपालन राज्य सरकार ने नहीं किया। शासन में व्याप्त विभाग के लिए दोहरी नीति को लेकर प्रदेश अध्यक्ष मुकेश द्विवेदी ने एक से सात अगस्त तक ड्यूटी बहिष्कार व आठ अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
कुछ होमगार्डों ने कराई आमद
जिला कमांडेंट होमगार्ड रमेश कुमार ने बताया कि कार्य बहिष्कार संबंधित सूचना मिली थी। इसके बाद भी सोमवार को कुछ होमगार्डों ने दफ्तर में आमद कराई है। कितने होमगार्ड ड्यूटी पर रहे इसकी जानकारी दूसरे दिन मिल सकेगी।
आर-पार की लड़ाई का एलान किया
डुमरियागंज। अपने गठन के साथ ही उपेक्षा का दंश झेल रहे होमगार्ड जवानों ने अब आरपार की लड़ाई का एलान कर दिया है। सोमवार को होमगार्डो ने उन्हें नियमित किए जाने और न्यूनतम वेतनमान निर्धारित किए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम डुमरियागंज विनय कुमार पाठक को सौंपा।
ज्ञापन में उत्तर प्रदेश होमगार्ड अवैतनिक अधिकारी व कर्मचारी एसोसिएशन के ब्लाक अध्यक्ष रामसरन गुप्ता ने बताया कि वे लोग कई दशकों से पूरी मेहनत और लगन से सुरक्षा ड्यूटी करते आ रहें हैं। लेकिन उनकी हालत दिहाड़ी मजदूरों से भी बदतर है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री से होमगार्ड जवानों को नियमित किए जाने की मांग किया है।
संगठन के ब्लाक उपाध्यक्ष प्रहलाद तिवारी ने बताया कि हमने निर्णय लिया है कि 1 से 7 अगस्त तक होमगार्ड सभी सुरक्षा ड्यूटी से विरत रहेंगे और यदि 8 अगस्त तक उनकी मांगों और समस्याओं का निस्तारण न हुआ तो 9 अगस्त से लखनऊ स्थित डा. राममनोहर लोहिया पार्क में आमरण अनशन करने को मजबूर होंगे जिसकी सारी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस दौरान अब्दुल सत्तार, बलराम तिवारी, अखंड प्रताप, खुर्शीद रिजवी, अकबर अली, रामदीन, नजीर, शिवप्रसाद, उमेश कुमार, हौसला प्रसाद, सत्यदेव, बनवारी, अमरेंद्र सिंह, लालजी मिश्रा, गुलाम हुसैन आदि मौजूद रहे।