-बांसी में राप्ती तट पर व्यवस्था हुई चाक-चौबंद
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। राप्ती नदी तट मौनी अमावस्या को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। नगर पालिका ने तट की सफाई के साथ कच्चा घाट बनाने का कार्य पूर्ण कर लिया है। बुधवार को मौनी अमावस्या के दिन भारी संख्या में श्रद्धालु घाट पर स्नान के लिए आते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा का पूरा ख्याल रखने की कोशिश प्रशासन की ओर की जा रही है।
यहां आने वाले श्रद्धालुओं को कोई दुश्वारी न हो इसके लिए घाट पर अस्थायी सीढ़ी का निर्माण किया गया है। ठंड को देखते हुए अलाव की व्यवस्था की गई है, और सुरक्षा की दृष्टि से बैरीकेडिंग लगाई गई है। इसके अलावा महिलाओं को कपड़ा बदलने के लिए टेंट भी लगाया गया है।
नपा अध्यक्ष चमन आरा राईनी ने कहा कि मौनी अमावस्या स्नान पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु राप्ती नदी तट पर आते हैं। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए हर स्तर पर तैयारी की गई है।