फसल को बर्बाद करने से नाराज ग्रामीणों ने छुट्टा पशुओं को गांव के प्राथमिक स्कूल में बंद कर दिया। ?
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
छुट्टा पशुओं को स्कूल में किया बंद
टिकुईया गांव के नाराज ग्रामीणों ने विद्यालय को बनाया गोशाला
संवाद न्यूज एजेंसी
खेसरहा (सिद्धार्थनगर)। फसल को बर्बाद करने से नाराज ग्रामीणों ने छुट्टा पशुओं को एकत्रित कर गांव के प्राथमिक स्कूल में बंद कर दिया। मामला खेसरहा ब्लॉक के टिकुईया गांव का है।
खेसरहा ब्लॉक के 13 न्याय पंचायतों में केवल खेसरहा और बतसा में गोशाला स्थापित है लेकिन वर्तमान में सिर्फ बतसा गांव में स्थित गोशाला संचालित हो रहा है। इससे क्षेत्र के टिकुईया, झुड़ियां बुजुर्ग, सेमरा मुस्तहकम, गेंगटा, कोटिया, सकारपार, महुलानी आदि गांवों में छुट्टा पशुओं ने आतंक मचा रखा है और किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। पूरी रात जागकर रखवाली कर रहे टिकुईया गांव के किसानों ने आजिज आकर बुधवार की देर रात छुट्टा पशुओं को प्राथमिक विद्यालय परिसर में बंद कर दिया। क्षेत्र किसान गुड्डू पांडेय, रामअवध, संवारे आदि का कहना है कि छुट्टा पशुओं से फसल बचाने के लिए रात-रातभर जागकर रखवाली करना पड़ रहा है। क्षेत्र में कहीं भी गोशाला नहीं होने के कारण प्राथमिक विद्यालय में बंद करना पड़ा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक न्याय पंचायत में एक गोशाला बनाने का निर्देश है, लेकिन यहां कोई भी गोशाला संचालित नहीं हो रही है। इस बाबत बीडीओ खेसरहा सुशील कुमार पांडेय का कहना है कि जानकारी मिली है, पशुओं को गोशाला ले जाने के लिए वाहन भेज दिया गया है।