बांसगांव इलाके में सड़क पर शराब पीने से माना करने पर हुआ था विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। पीआरवी में तैनात पुलिसकर्मियों से बदसलूकी, सरकारी काम में बांधा पहुंचाने और जानमाल की धमकी देने के आरोपी हिस्ट्रीशीटर धौंसा निवासी दुर्गा यादव को बांसगांव पुलिस ने रविवार की देर शाम गिरफ्तार कर लिया। उसके अन्य सहयोगियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, बांसगांव क्षेत्र के धौंसा गांव के पास शुक्रवार की रात सड़क पर खड़े होकर छह-सात युवक शराब पी रहे थे। तभी पीआरवी 0345 पर तैनात पुलिसकर्मी पहुंचे। पुलिस ने मामला संदिग्ध मानकर अपनी गाड़ी रोक दी। उनको देखते हुए युवक अपशब्द कहने लगे।
सिपाहियों ने मना किया तो मारपीट पर उतारू हो गए। इसलिए सिपाहियों ने थाने से पुलिस फोर्स बुलाई। लेकिन तब आरोपी भाग चुके थे। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके पुलिस जांच में जुट गई। सामने आया कि धौंसा निवासी दुर्गा यादव भी युवकों संग शामिल था। उसे गिरफ्तार करके पुलिस अन्य की तलाश में जुटी है। आरोपी दुर्गा के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक केस दर्ज है।