उसका रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर टूटा रेलवे ट्रैक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
उसका बाजार। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर एक के पास रेल पटरी फिर चटक गई। गनीमत रही कि समय रहते स्टेशन मास्टर की नजर पटरी पर पड़ गई। तत्काल इस प्लेटफार्म पर आने वाली ट्रेनों को दूसरे प्लेटफार्म पर डायवर्ट कर दिया गया। घंटों मशक्कत के बाद पटरी दुरुस्त कर रेल परिचालन सामान्य किया गया। बता दें कि इसी प्लेटफार्म पर 21 दिसंबर को भी रेल पटरी चटक गई थी। तब भी रेलकर्मी की सतर्कता से हादसा टल गया था।
रेलवे स्टेशन पर रात्रि शिफ्ट में स्टेशन मास्टर पर आरए शर्मा की तैनाती थी। सोमवार की सुबह 5 बजे वह प्लेटफार्म पर टहल रहे थे, इसी बीच उनकी नजर सामने रेल पटरी पर गई। पटरी बीच से चटक गई थी। करीब दो सेमी का गैप था। इसी पटरी पर करीब दो घंटे बाद गोंडा-गोरखपुर पैसेंजर ट्रेन आने वाली थी। आनन-फानन में पीडब्लूआई को सूचित करते हुए ट्रेन को दूसरे प्लेटफार्म पर डायवर्ट कर दिया गया। करीब दस बजे पटरी को दुरुस्त किया गया। इस दरम्यान उसका में रुकने वाली सभी ट्रेनों को प्लेटफार्म नंबर दो पर ही रोका गया। स्टेशन मास्टर के मुताबिक मरम्मत के बाद कुछ घंटे में ही परिचालन सामान्य हो गया है।