कपिलवस्तु महोत्सव में जलवा बिखेरेंगी हेमा मालिनी
भोजपुरी कलाकार रवि किशन, मनोज तिवारी और मालिनी अवस्थी का होगा आगमन
प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास और मैथिली ठाकुर को भी आने की संभावना
13 मार्च को होगा महोत्सव का उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु महोत्सव-2020 की तिथि नजदीक देख आयोजन समिति की ओर से तैयारी तेज हो गई है। महोत्सव 13 से 15 मार्च के बीच होगा। सिने स्टार हेमा मालिनी, भोजपुरी कलाकार रवि किशन का जलवा बिखेरना तय है। इसके अलावा भोजपुरी कलाकार मनोज तिवारी, भोजपुरी गायिका मालिनी अवस्थी, लोक गायिका मैथिली ठाकुर व प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास के भी आने की संभावना है।
जनपद स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित होने वाला कपिलवस्तु महोत्सव-2020 कोरोना के कारण नहीं हो सका। संक्रमण कम होने के साथ ही आसपास के जिलों में संपन्न महोत्सव के बाद कपिलवस्तु महोत्सव भी कराने का निर्णय लिया गया। जनप्रतिनिधियों और आयोजन समिति के सदस्यों से विमर्श के बाद सात दिन के बजाय तीन दिवसीय महोत्सव कराने का निर्णय लिया गया है। बीएसए ग्राउंड में 13, 14 और 15 मार्च को आयोजन होगा।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि आयोजन समितियों से जुड़े अफसर, कर्मी, समाजसेवी के सहयोग से तैयारी तेज कर दी गई है। जिला मुख्यालय पर जिला कारागार के सामने मैदान में आयोजित होने वाले महोत्सव में पहली बार सिने स्टार और मथुरा की सांसद हेमा मालिनी मुख्य रूप से आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इनके अलावा भोजपुरी गायिका मालिनी अवस्थी, भोजपुरी कलाकार मनोज तिवारी, रवि किशन, लोक गायिका मैथिली ठाकुर, हिंदी के प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास को भी आमंत्रित किया गया है। सभी के आने की संभावना है।
सक्रिय हुईं आयोजन समितियां
कपिलवस्तु महोत्सव 2020 के सफल आयोजन के लिए गठित समितियों में अफसरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्वागत और स्मारिका समिति, लेखा समिति, स्थानीय कलाकारों, मंच सज्जा के साथ ही पुस्तक मेला, विज्ञान प्रदर्शनी, रंगोली प्रतियोगिता, आर्ट गैलरी के साथ ही झूला क्षेत्र, थीम पार्क, सेल्फी प्वाइंट और मीना बाजार, पेयजल, शौचालय एवं सफाई व्यवस्था, फूड जोन, कवि एवं कलाकार खेलकूद समिति, शिल्प जोन एवं कामर्शियल जोन के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लोकसभा अध्यक्ष और सीएम भी आ सकते हैं
तीन दिवसीय होने जा रहे कपिलवस्तु महोत्सव में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य कई बड़े हस्तियों के कार्यक्रम में सहभागिता के लिए भी प्रयास शुरू हो गए हैं। जनप्रतिनिधियों के सहयोग से प्रशासन इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है।