-रविवार को हुई जिला ओलंपिक संघ की जनपदीय इकाई की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए जिला ओलंपिक संघ की जनपद इकाई की बैठक रविवार को हुई। इस मौके पर जहां विभिन्न खेल संगठनों से संघ से संबद्धता कराने का निर्णय लिया, वहीं आगामी दिनों में विविध खेल प्रतियोगिताओं को कराने एवं खिलाड़ियों के सहयोग और मदद के लिए मोबाइल हेल्प नंबर जारी करने पर सहमति जताई गई।
शहर के एक होटल में जिला ओलंपिक संघ जिला इकाई की बैठक में पिछली बैठक में पारित प्रस्ताव एवं क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। आय-व्यय प्रस्तुत किया गया। जिस पर उपस्थित सदस्यों ने सहमति जताई। इस मौके पर जिले के खिलाड़ियों, खासकर जूनियर स्तर को प्रोत्साहित करने के लिए खेल प्रतियोगिताओं को कराने अथवा हर संभव मदद करने करने, संघ से संबद्धता न होने की दिशा में किसी भी प्रकार का सहयोग एवं आर्थिक मदद न देने, 29 अगस्त को क्राॅस कंट्री कराने, अक्तूबर एवं नवंबर के बीच जनपद स्तरीय सब जूनियर-16वॉलीबॉल प्रतियोगिता कराने, जिले के खिलाड़ियों के सहयोग एवं मदद के लिए हेल्प डेस्क का गठन करते हुए एक बैनर स्टेडियम में लगाने, खेल संगठनों की संबद्धता बगैर स्टेडियम में स्थान देने के लिए संघ के पदाधिकारियों की सहमति लेने संबंधी क्रीड़ा अधिकारी से पत्राचार करने जैसे बिंदुओं पर चर्चा एवं सहमति जताई गई।
अंत में संगठन को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में पदाधिकारियों के बीच सदस्यता शुल्क संग्रह करने एवं अन्य स्रोतों से धन संग्रह के लिए प्रयास करने पर भी चर्चा हुई। संघ के जिला सचिव मो. इब्राहिम ने कहा कि संगठन का उद्देश्य खेल एवं खिलाड़ियों को बढ़ावा देना है।
इस दौरान देवेंद्र कुमार पांडेय, अब्दुल मन्नान, डॉ. अब्दुल मोवीन, अब्दुल हलीम, सुरेंद्र श्रीवास्तव, शंभू नाथ गुप्ता, सोनू गुप्ता, रत्नेश प्रताप कलहंस, पंकज पासवान आदि उपस्थित थे।