- दोनों पक्षों की भीड़ हुई बेकाबू, बल प्रयोग कर हालात संभाले
शोहरतगढ़। कस्बे में सोमवार को हुए विवाद के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके चलते पुलिस को पूरी रात पहरा देना पड़ा। विवाद की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के समर्थक बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और स्थिति बेकाबू होने लगी। हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया और मौके पर पहुंचकर भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।
घटना के बाद एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दी गई है। तनावपूर्ण माहौल के कारण पूरी रात पुलिस गश्त जारी रही, जिससे किसी बड़े विवाद की आशंका को टाला जा सका। मंगलवार दोपहर तक स्थिति सामान्य होने पर पुलिस बल को आंशिक रूप से हटाया गया, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर लगातार निगरानी जारी है। बताया जा रहा है कि यह विवाद सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर शुरू हुआ। आरोप है कि पूर्व चेयरमैन बबिता कसौधन के पुत्र सौरभ गुप्ता ने मौजूदा चेयरमैन उमा अग्रवाल और उनके पति रवि अग्रवाल के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित टिप्पणियां की जा रही थी।
सोमवार को इसी बात को लेकर पूछताछ के दौरान विवाद बढ़ा और हाथापाई में बदल गया। जैसे ही घटना की जानकारी कस्बे में फैली, दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में जुट गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सीओ मयंक द्विवेदी ने बताया कि फिलहाल हालात पूरी तरह शांत हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस गश्त जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।