फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Siddharthnagar News: गर्मी ने फिर दिखाई तेवर, पारा 37 डिग्री पहुंचा

Tue, 02 Jun 2026 02:04 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
सिद्धार्थनगर। जिले में मौसम का मिजाज एक बार फिर गर्म हो गया है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में आई गिरावट के बाद सोमवार को पारा चढ़कर 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिनभर निकली धूप और हवा की धीमी रफ्तार के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय लोगों की आवाजाही भी अपेक्षाकृत कम दिखाई दी। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी की आशंका जताई है।
विज्ञापन

कृषि मौसम केंद्र के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.5 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री नीचे है। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 80 प्रतिशत और न्यूनतम 46 प्रतिशत दर्ज की गई। दक्षिण-पूर्वी दिशा से 2.6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
दिन में धूप निकलने के कारण वातावरण में गर्मी का असर बढ़ा। हालांकि आसमान में हल्के बादलों की मौजूदगी बनी रही, लेकिन इससे तापमान पर खास असर नहीं पड़ा। आर्द्रता अधिक रहने के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से अधिक गर्मी महसूस हुई। खेतों में काम करने वाले किसानों और खुले में काम करने वाले मजदूरों को दोपहर के समय सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी।
विज्ञापन

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में आसमान साफ रहने के आसार हैं। अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने के संकेत हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि मौसम को देखते हुए खेतों में सिंचाई और अन्य कृषि कार्यों की योजना बनाएं और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर रहने से बचें।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें