- प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री बोले, जमीन की तलाश के लिए जिलाधिकारियों को दिए गए हैं निर्देश
- वर्तमान में इन जिलों में चल रहे अस्पताल को उच्चीकृत कर बना दिया गया है मेडिकल कॉलेज
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। प्रदेश के नौ जनपदों में संयुक्त जिला अस्पताल बनाए जाएंगे। इसके लिए भूमि की तलाश चल रही है। इस संबंध में जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। दरअसल, इन जिलों में पूर्व में मौजूद जिला अस्पतालों को उच्चीकृत कर राजकीय मेडिकल कॉलेज का दर्जा दे दिया गया। मेडिकल कॉलेज के लिए आवश्यक भवनों का निर्माण चल रहा है।
यह कहना है प्रदेश के चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जय प्रताप सिंह का। शुक्रवार को अमर उजाला संवाददाता से औपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश वासियों को बेहतर व उच्चकोटि की स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैय्या कराने के लिए केंद्र सरकार की सहायता से नौ जिलों के संयुक्त जिला अस्पतालों को उच्चीकृत कर मेडिकल कॉलेज बनाया गया है। इसके लिए आवश्यक भवनों का निर्माण हो रहा है। इसमें सिद्धार्थनगर, एटा, देवरिया, फतेहपुर, गाजीपुर, हरदोई, प्रतापगढ़, अयोध्या, बहराइच जनपद शामिल हैं।
मेडिकल कॉलेजों के शुभारंभ होने के बाद मरीजों को निशुल्क जांच व उपचार के लिए प्रदेश सरकार ने इन नौ जनपदों में नए संयुक्त जिला अस्पतालों के भवन निर्माण का निर्णय लिया है। इसके लिए भूमि के चिह्नांकन के लिए संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर निर्देशित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग नई नीति तैयार कर रहा है। उसके लागू होने के बाद आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सहूलियत मिल सकेगी।