आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे जिला अस्पताल : स्वास्थ्य मंत्री
- बड़े अस्पतालों में रेफरल केस कम करने के लिए कार्ययोजना तैयार
- जय प्रताप सिंह ने कहा कि जिला अस्पतालों का निरीक्षण कर जानेंगे हकीकत
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। स्वास्थ्य सेवा को जन-जन तक पहुंचाना सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की प्राथमिकता में है। इसके लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। पीजीआई, केजीएमयू, लोहिया समेत प्रदेश के सभी बड़े अस्पतालों में रेफरल केस कम करने की कार्ययोजना बनाई गई है। इसके तहत जिला अस्पतालों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। ये बातें प्रदेश के चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जय प्रताप सिंह ने रविवार को अपने आवास पर अनौपचारिक बातचीत में कहीं।
मंत्री ने कहा कि वह निरीक्षण कर जिला अस्पतालों की हकीकत जानेंगे और स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने के लिए कदम उठाएंगे। कहा कि जिला अस्पतालों में बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की कार्ययोजना बना ली गई है, जिससे कि कम से कम मरीजों को रेफर करने की जरूरत पड़े। कार्ययोजना को मूर्त रूप देने के बाद गंभीर मरीजों को ही बड़े अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत पड़ेगी। मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा में सुधार के लिए सीएमओ और सीएमएस को निर्देश दिए जाएंगे। बिना भेदभाव के शहर से गांव तक हर व्यक्ति तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाई जाएगी। चिकित्सालयों में डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ को टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। दवाओं की उपलब्धता का नियमित तौर पर सत्यापन कराया जाएगा।
.................
प्रतिदिन निरीक्षण की रिपोर्ट भेजेंगे सीएमओ, सीएमएस
- मंत्री ने बताया कि चिकित्सा सेवा को बेहतर बनाने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारियों को प्रतिदिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व नवीन स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण करने को कहा गया है। साथ ही उन्हें प्रतिदिन रिपोर्ट भेजने की हिदायत दी गई है। इस कार्य में शिथिलता बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिले में अस्पतालों के बहुरेंगे दिन
- स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उन्होंने गृह जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी, सीएमओ, सीएमएस से विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है। जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी, संसाधनों में वृद्धि के साथ ही हार्ट व बर्न यूनिट के संचालन को लेकर वे गंभीर हैं।
कार्ड वितरण के लिए चलेगा विशेष अभियान
- मंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रधानमंत्री जन आरोग्य व मुख्यमंत्री जन आरोग्य के लाभार्थियों को कार्ड वितरित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।