कूड़े के ढेर में मरीज मिलने के मामले में की होगी जांच
- स्वास्थ्य मंत्री ने ट्वीट कर सीएमओ को दिए जांच के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने दो दिन पहले संयुक्त जिला अस्पताल परिसर स्थित कूड़े के ढेर में बुजुर्ग मिलने के मामले में जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ट्वीट करके सीएमओ निर्देश दिए हैं।
माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध संयुक्त जिला अस्पताल परिसर स्थित कूड़े के ढेर में चार जुलाई को एक बुजुर्ग मरीज मिला था। उसके हाथ में ड्रिप सेट लगा हुआ था, जबकि पैर में बैंडेज था।
खबर अमर उजाला में प्रकाशित हुई तो स्वास्थ्य महकमा हरकत में आया। स्थानीय युवाओं ने संवदेना दिखाते हुए बुजुर्ग को नहलाकर अस्पताल में भर्ती कराया।
जो बुजुर्ग कूड़े के ढेर में मिले थे, उन्हें सर्जिकल वार्ड में भर्ती करके इलाज किया जा रहा है। उन्होंने सिर्फ अपना नाम शौकत अली और पता इटवा बताया है। फिलहाल भर्ती होने के तीसरे दिन शनिवार को उनके परिजन अस्पताल में नहीं पहुंचे थे।
इस मामले में सीएमओ डॉ. वीएन अग्रवाल ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश के अनुसार जांच की जा रही है। जिसकी लापरवाही से भर्ती मरीज बाहर गया, उनके खिलाफ रिपोर्ट भेजी जाएगी।
जिला अस्पताल की खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने किया ट्वीट।- फोटो : SIDDHARTHNAGAR