सिद्धार्थनगर। जिले में लगातार दूसरे दिन भी धुंध छाई रही, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही वातावरण में हल्की धुंध का असर दिखाई दिया और दिन चढ़ने के बाद भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं हो सका।
इससे दृश्यता कम रही और सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ी। एक्यूआई का स्तर भी 149 के पार पहुंच गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले 36 घंटे में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।
इस बीच सोमवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को क्षेत्र का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 149 के पार दर्ज किया गया। यह स्तर मध्यम से खराब श्रेणी की ओर इशारा करता है, जो संवेदनशील लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि एक्यूआई का स्तर इसी तरह बना रहता है तो सांस से संबंधित समस्याओं वाले लोगों को अधिक दिक्कत हो सकती है।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज अयोध्या के मौसम विभाग के अनुसार हवा की गति धीमी रहने के कारण मौसम स्थिर बना हुआ है। इसी वजह से वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण ऊपर की ओर नहीं उठ पा रहे हैं और न ही दूर तक फैल पा रहे हैं। परिणामस्वरूप ये कण निचले स्तर पर ही जमा हो रहे हैं, जिससे धुंध और प्रदूषण का असर बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो दिनों से धुंध की वजह से सुबह के समय ठंडक का भी ज्यादा अहसास हो रहा है। कई लोग सुबह की सैर के लिए बाहर निकलने से बच रहे हैं।
मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र के अनुसार फिलहाल हवा की गति कम रहने के कारण मौसम में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। यदि आने वाले दिनों में हवा की रफ्तार बढ़ती है या मौसम में बदलाव होता है तो धुंध और प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आ सकती है। फिलहाल लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी जा रही है।