109 दिव्यांगों में सहायक उपकरण वितरित
स्वास्थ्य मंत्री, बेसिक शिक्षा मंत्री और सांसद की मौजूदगी में वितरण
शिविर में केंद्र और प्रदेश सरकार के योजनाओं की दी गई जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। सदर विकास खंड में आयोजित शिविर में 109 दिव्यांगों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री, बेसिक शिक्षामंत्री, सांसद और विधायक के हाथों 88 ट्राईसाइकिल, 21 व्हील चेयर वितरित हुआ। शिविर में दिव्यांगजनों के लिए सरकार की ओर से लागू योजनाओं व कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
शनिवार को सदर विकास खंड परिसर में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से आयोजित सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में 88 दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल, 21 व्हील चेयर का वितरण किया गया। लाभार्थियों में आनंद कुमार, श्याम सुंदर, शबाना, अशफाक अहमद आदि शामिल रहे। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण जयप्रताप सिंह ने कहा कि सीएम की अगुवाई में भाजपा सरकार दिव्यांगों के लिए कई योजनाएं व कार्यक्रम लागू किए हैं। प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. सतीश द्विवेदी ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के प्रति सरकार गंभीर है। शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के साथ ही अन्य सुविधाओं के लिए सरकार प्रत्यनशील है। सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से दिव्यांगजनों के हितों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सदर विधायक श्याम धनी राही ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सबका स्वागत किया। इस दौरान जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी एजाजुल हक खान ने सरकार की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी पुलकित गर्ग, खंड विकास अधिकारी संजय श्रीवास्तव, दिव्यांगजन विभाग के सुशील तिवारी, यशवंत आदि की उपस्थिति रही।