पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में एक दिसंबर को होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार रविवार की शाम थम गया। कई दिनों से लगातार बैनर-पोस्टर, जुलूस से प्रचार में जुटे प्रत्याशी अब डोर-टू-डोर संपर्क में जुट गए हैं।
प्रचार थमने से पहले प्रत्याशियों ने अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए इन साधनों का भरपूर इस्तेमाल किया। इस चरण में भी जिले के चार ब्लॉकों में मतदान होना है। एक दिसंबर को शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के शोहरतगढ़, जोगिया, बढ़नी और इटवा तहसील के इटवा ब्लॉक में प्रधान व पंचायत सदस्य पदों के लिए मतदान होंगे।
इन चार ब्लॉकों में 317 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के कुल 2206 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 699 बूथों पर 430346 हजार मतदाता करेंगे। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार रविवार शाम पांच बजे से चुनावी शोर का आगाज बंद हो गया।
मैदान में उतरे प्रत्याशी समर्थकों के साथ डोर टू डोर परिक्रमा कर मतदाताओं को अपने पाले में लाने के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं। चुनावी मुकाबले की आखिरी रात को भुनाने में प्रत्याशी व उनके समर्थक जोर-शोर से लगे हुए हैं। जीत-हार में रविवार की रात का अहम रोल होगा।