भनवापुर। ग्राम रोजगार सेवकों की लंबित मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को भनवापुर ब्लॉक मुख्यालय पर खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। रोजगार सेवकों ने मानदेय बढ़ाने, नियमितीकरण और अन्य सेवा संबंधी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
ब्लॉक अध्यक्ष के नेतृत्व में दोपहर करीब दो बजे पहुंचे रोजगार सेवकों ने कहा कि वे कई वर्षों से अपनी मांगों को शासन और प्रशासन के समक्ष रख रहे हैं लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे कर्मचारियों में असंतोष है। मांगों के समर्थन में 21 से 30 नवंबर तक विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के दौरान कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत 27 नवंबर को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर तीन दिसंबर को लखनऊ में विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
रोजगार सेवकों ने न्यूनतम 15 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित करने, नियमित भुगतान और नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। इसके अलावा अन्य कर्मचारियों की तरह अवकाश, बीमा, चिकित्सा सुविधा और सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने की भी मांग उठाई।
इस दौरान राजकुमार चौधरी, अजय यादव, अखिलेश श्रीवास्तव, नीरज कुमार सहित अन्य ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।