तेल, दाल, मसाले और पैक्ड सामान के बढ़े दाम, थोक खरीदारी छोड़ कम मात्रा में सामान ले रहे ग्राहक
सिद्धार्थनगर। जिले में किराना बाजार में महंगाई धीरे-धीरे आम लोगों की रसोई पर भारी पड़ने लगी है। सरसों तेल, रिफाइंड, दाल, मसाले और घरेलू उपयोग के कई सामानों के दाम बढ़ने से परिवारों का मासिक बजट बिगड़ रहा है। हालात यह हैं कि अब लोग जरूरत के हिसाब से कम मात्रा में खरीदारी करने को मजबूर हो रहे हैं।
शहर के किराना कारोबारियों के अनुसार पिछले कुछ सप्ताह में खाद्य तेल, मसाले, साबुन, बिस्किट, नमकीन और अन्य पैक्ड सामानों के दामों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। दुकानदारों का कहना है कि कंपनियों की तरफ से लगातार नए रेट लागू किए जा रहे हैं, जिसका सीधा असर ग्राहकों पर पड़ रहा है।
गर्मी के मौसम में परिवहन खर्च बढ़ने और सप्लाई लागत में इजाफा होने से भी बाजार प्रभावित हुआ है। दुकानदार अरविंद त्रिपाठी ने बताया कि पहले ग्राहक महीने भर का सामान एक साथ खरीदते थे, लेकिन अब आधा या जरूरत भर ही ले रहे हैं। घरेलू महिलाओं का कहना है कि बढ़ती महंगाई के कारण अब स्नैक्स, ड्राई फ्रूट और गैरजरूरी खर्चों में कटौती करनी पड़ रही है। मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए बच्चों की जरूरतों और रसोई का संतुलन बनाना मुश्किल होता जा रहा है।
किराना व्यापारी मदन का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में कीमतों पर नियंत्रण नहीं हुआ तो रोजमर्रा की वस्तुओं पर लोगों का खर्च और बढ़ सकता है। बाजार में फिलहाल ग्राहकों की भीड़ तो है, लेकिन खरीदारी की मात्रा पहले की तुलना में कम दिखाई दे रही है।
-
इन चीजों के दाम बढ़े
- इस सप्ताह में सरसों तेल, रिफाइंड, अरहर और मसूर दाल, जीरा, धनिया, लाल मिर्च, हल्दी, चाय पत्ती, चीनी, बिस्किट, नमकीन, साबुन, डिटर्जेंट, पैक्ड स्नैक्स और ड्राई फ्रूट समेत कई रोजमर्रा के सामानों के दाम बढ़ गए हैं।