खुनुवां। भारत से सीमा शुल्क चोरी कर नेपाल ले जाए जा रहे सामान के खिलाफ नेपाल के कपिलवस्तु जिले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 8 लाख 29 हजार 800 रुपये मूल्य का सामान बरामद किया है। अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई के दौरान 24 स्थानीय मुर्गे, 83 साड़ियां और मोबाइल फोन के 288 डिस्प्ले जब्त किए गए।
मुर्गों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में नष्ट करा दिया गया, जबकि साड़ियों को सीमा शुल्क कार्यालय भेज दिया गया। मोबाइल डिस्प्ले को भी भंसार कार्यालय भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। जिला पुलिस कार्यालय कपिलवस्तु की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 27 और 28 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। हरदिहवा दोहनी पुलिस चौकी की टीम ने शुद्धोधन गांवपालिका-5 के तरंगरामा से 24 स्थानीय मुर्गे बरामद किए। इनका वजन 60 किलोग्राम और बाजार मूल्य 60 हजार रुपये आंका गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में मुर्गों को नष्ट कराया गया।
इसी क्रम में चाकरचौड़ा क्षेत्र की पुलिस टीम ने मायादेवी गांवपालिका-4 स्थित चाकरचौड़ा से 83 साड़ियां बरामद कीं। इनकी कीमत 49 हजार 800 रुपये बताई गई। बरामद साड़ियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय कपिलवस्तु भेज दिया गया।
वहीं, चंद्रौटा क्षेत्र की पुलिस टीम ने शिवराज नगरपालिका-6 के पिपरी चौक से 288 मोबाइल फोन के डिस्प्ले बरामद किए। इनका अनुमानित बाजार मूल्य सात लाख 20 हजार रुपये है। इन्हें सीमा शुल्क कार्यालय भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
जिला पुलिस कार्यालय कपिलवस्तु के सूचना अधिकारी व पुलिस नायब उपरीक्षक रिपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि भारत से सीमा शुल्क चोरी कर नेपाल लाए जा रहे सामान के खिलाफ कार्रवाई जारी है। अलग-अलग स्थानों से बरामद सामान का कुल अनुमानित मूल्य 8 लाख 29 हजार 800 रुपये है। बरामद सामान के प्रकार के अनुसार नष्ट करने और सीमा शुल्क कार्यालय भेजने की कार्रवाई की गई है।