सिद्धार्थनगर। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने पिछली बैठक की कार्यवृत्ति की समीक्षा की। उन्होंने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि जिनका एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। उनसे संपर्क करके समस्याओं का समाधान कराएं और ज्यादा से ज्यादा निवेश करने के लिए प्रेरित करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने व्यापारियों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बांसी को सफाई व्यवस्था व कूड़ा निस्तारण ठीक कराने के लिए निर्देशित किया। मांस-मछली की दुकानों को जमीन चिह्नित कर वहां स्थानांतरित कराने के निर्देश दिए। सभी नगर निकायों के ईओ को निर्देश दिया कि आरओ व वाटर कूलर खराब हैं उनको ठीक कराकर संचालित कराए।
उन्होंने उपायुक्त उद्योग को रोजगार सृजन योजना के लिए शासन से प्राप्त लक्ष्य को पूर्ण करने और कैंप लगाकर विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, सीएम युवा आदि के लाभार्थियों के आवेदन को अधिक से अधिक कराने के निर्देश दिए। उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि व्यापारियों की समस्याओं को संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर निस्तारण कराएं। व्यापारियों का कोई भी प्रकरण लंबित न रहे। निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का संबंधित विभाग को समय से निस्तारित कराएं। उद्यमियों ने जो भी प्रोजेक्ट लिया है, उसकी सब्सिडी समय से उसके बैंक खाते में भिजवाएं। इस दौरान लीड बैक अधिकारी आरके सिन्हा, अधिशासी अभियंता विद्युत ज्ञान प्रकाश, उप कृषि निदेशक राजेश कुमार आदि उपस्थित रहे।