संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी डाॅ. राजा गणपति आर. की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु, व्यापार बंधु एवं एमओयू की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए जिन लोगों द्वारा एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। उनसे संपर्क करके उनकी समस्याओं का समाधान कराएं। ज्यादा से ज्यादा निवेश करने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को सुनकर अधिकारियों को उसके निस्तारण के निर्देश दिए गए। उपायुक्त उद्योग को ओडीओपी योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के लिए शासन से प्राप्त लक्ष्य को शतप्रतिशत पूर्ण करने तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों के आवेदन को अधिक से अधिक कराने का निर्देश दिया। उद्योग स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की जो पत्रावलियां बैंकों में ऋण उपलब्ध कराने के लिए जाती हैं उसको समय से स्वीकृत कराने का निर्देश दिया।
अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिए कि जहां तार नीचे लटक रहे हैं उसको ठीक करा लें। जिन व्यापारियों के नए कनेक्शन की आवश्यकता है उनको जल्द से जल्द कनेक्शन तथा उपभोक्ताओं को सही बिल उपलब्ध कराएं। वरना कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों की मांग पर निर्देश दिए कि कोई भी मीट की दुकान खुले में न रहे। उन्होंने साप्ताहिक बंदी का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा इसके संबंध में गाड़ी के माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार कराने का निर्देश दिया। दुग्ध विभाग पशुपालन विभाग, एमएसएमई, उद्यान विभाग, पर्यटन विभाग, प्रधानमंत्री स्वरोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद योजना आदि के संबंध में व्यापारियों को लाभ दिलाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सीडीओ जयेंद्र कुमार, उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश,अधीक्षण अभियंता विद्युत अजय कुमार, अधिशासी अभियंता ज्ञान प्रकाश, लीड बैंक अधिकारी आरके सिन्हा, उद्यान निरीक्षक संदीप वर्मा समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।